मैनपुरी। मोबाइल नंबर देने से मना करने पर शोहदे ने एक छात्रा को चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दी। छात्रा के पिता शिकायत लेकर थाने गए, तो उन्हें भी रास्ते में धमकी दी गई। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है।
बेखौफ हो चुके शोहदे आए दिन छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। विरोध करने पर उन्हें धमकाते रहते हैं। बुधवार को हुई घटना अभी ठंडी नहीं पड़ी। इधर, शुक्रवार की सुबह एक कालोनी निवासी छात्रा को कोचिंग से लौटते समय बाइक सवार युवक मोनू ने तेजाब फेंकने की धमकी दी।
इससे पहले वह छात्रा से उसका मोबाइल नंबर मांग रहा था। इंकार करने पर शोहदे ने छात्रा को चेहरे पर तेजाब फेंकने की धमकी दे डाली। डरी-सहमी छात्रा ने घटना की जानकारी घरवालों को दीं।
छात्रा के पिता जब थाने में शिकायत करने जा रहे थे। तभी रास्ते में आरोपी युवक व उसके साथियों ने उन्हेें भी धमकी दी। इंस्पेक्टर कोतवाली का कहना है कि तहरीर पर जांच शुरू कर दी गई है। मामला दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।