खेल में झगड़ा, बालक के दांत तोड़े
आगरा। जगदीशपुरा की बन्ना वाली बगीची मोहल्ले में खेल के दौरान बच्चों में झगड़ा हो गया। इस दौरान एक बालक को बेल्ट से पीटा गया, उसके दांत भी तोड़ दिए। परिवारीजनों ने उसे बचाया। पीड़ित परिवारीजनों ने थाना में शिकायत की है।
बन्ना वाली बगीची स्थित गली का रहने वाले राजाराम टेलर मास्टर हैं। उनका 13 साल का बेटा मोहित रविवार को दोस्त के पास जा रहा था। रास्ते में एक बालक के साथ खेलने लगा। इस दौरान किसी बात पर दोनों में झगड़ा शुरू हो गया। आरोप है कि इसी बीच बालक का भाई आ गया। उसने मोहित को पकड़ लिया। उसकी पिटाई लगा दी। उसके मुंह पर घूंसे मारे, जिससे मोहित के चार दांत टूट गए और होठ फट गया। पुलिस ने घायल बालक का मेडिकल कराया है। इंस्पेक्टर थाना जगदीशपुरा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया था, लेकिन दोनों पक्षों ने समझौता कर लिया।