शिकोहाबाद। तुम्हारा फैसला हो गया है। तुम्हारे परिवार ने पीएम कराने से मना कर दिया था। अब मामले में कोई कार्रवाई की तो तेरे पति को जेज भेज दूंगा। यह आरोप भंडारे के दौरान भगदड़ में मृत बालिका की मां ने उसके घर वर्दी में पहुंचे एक पुलिसकर्मी पर लगाया है। मामले में पीड़िता शुक्रवार को थाने पहुंच कर एसओ से कार्रवाई की मांग की है।
शुक्रवार सुबह सागर कॉलोनी रहट गली निवासी चंपादेवी पत्नी गंगा सिंह पड़ोसी गिरजा देवी पत्नी राजेश के साथ थाने पहुंची। पीड़िता ने बताया कि गुरुवार को उसके घर एक व्यक्ति मोटर साइकिल से आया और खुद को पुलिस वाला बता कर बोला आपके मामले में फैसला हो गया था।
अब क्यों भाग दौड़ कर रही हो। अगर अब तुम थाने आईं तो पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा कर उसे जेल भेज देंगे। चंपा देवी ने कहा कि दो माह पूर्व उसकी बेटी अंजली (8) की भंडारे के दौरान मची भगदड़ में मौत हो गई थी। जब वो खुद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे कोई होश नहीं था। चंपा ने बताया कि रात में ही उसकी बेटी का बिना पीएम के अंतिम संस्कार करा दिया।
उसको बेटी का अंतिम समय में मुंह भी नहीं देखने दिया। पीड़िता ने एसओ से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है। एसओ ने बताया घटना के बाद ही मृतका के पिता और रिश्तेदारों ने पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात लिख कर दी थी। । पुलिस पर झूठे आरोप लगाए जा रहे हैं। धमकाने का कोई मामला नहीं है।