मैनपुरी। जिला अस्पताल से वैन किराए पर लेने के बाद चालक को बंधक बनाकर लूट करने वाला गैंग थाना बिछवां क्षेत्र का है। कासगंज पुलिस ने लूटी गई वैन को बरामद करने के साथ ही दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं भागे हुए साथियों की तलाश कर रही है।
अस्पतालों से मरीज के बहाने गाड़ी किराए पर ले जाने के बाद लूट करने वाला गिरोह बिछवां का है।
कोतवाली क्षेत्र के आवास विकास कालोनी निवासी अतुल कुमार की मारुति वैन 17 जून को दो युवक किराए पर एटा जाने के लिए ले गए थे। अमांपुर मोड़ के समीप जिसमी नहर के समीप बदमाशों ने चालक विनोद कुमार की आंखों में लाल मिर्च का पाउडर डालकर वैन लूट ली थी। जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने उक्त वैन का सौदा 40 हजार रुपये में कर लिया था।
इसकी जानकारी मुखबिर से मिलने के बाद कासगंज पुलिस ने दो बदमाश वीरपाल निवासी इमायतपुर थाना बिछवां और जगदीश निवासी गांव अहमदपुर थाना नयागांव एटा को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में वीरपाल ने बताया कि वह लोग विभिन्न जनपदों से मरीज का बहाना बनाकर वाहनों को किराए पर लेकर लूट करते हैं। वह गैंग का लीडर है उसके साथी गांव में ही रहते हैं। पुलिस ने दोनों बदमाशों को चालान कर जेल भेज दिया। अतुल ने बताया कि बदमाशों ने साथियों के बारे में कासगंज पुलिस को कई अहम जानकारियां दी हैं। जिसके बाद पुलिस गैंग के अन्य साथियों की तलाश कर रही है।