मैनपुरी। कोतवाली के ग्वालटोली मोहल्ले में ब्याही गई युवती 19 अगस्त को झुलस गई थी। बुधवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतका की मां की तहरीर पर पुलिस ने पति और ससुराल के अन्य सदस्यों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कन्नौज के थाना छिबरामऊ के मोहल्ला सुभाष नगर निवासी शकुंतला देवी की पुत्री संगीता की शादी करीब छह वर्ष पूर्व राजेश उर्फ सोनू निवासी गांव ग्वालटोली थाना मैनपुरी कोतवाली के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद से ससुरालीजनों ने दहेज में भैंस व सोने की जंजीर की मांग शुरू कर दी।
इसके लिए संगीता को प्रताड़ित किया जाने लगा था। कई बार उसे पीट कर घर से भी निकाला गया। समझौता के बाद संगीता ससुराल में ही रहने लगी थी। इसी दौरान 19 अगस्त को वह संदिग्ध हालात में जल गई। उसकी मां का आरोप है कि पति राजेश, ससुर राधाकृष्ण, सास सियादेवी, ननद प्रियंका एवं रंजना ने उसकी पिटाई की।
पीटने के बाद मिट्टी का तेल उड़ेलकर आग लगा दी। गंभीररूप से झुलसी संगीता की 23 अगस्त को मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति व अन्य ससुरालीजनों की गिरफ्तारी का प्रयास शुरू कर दिया है।