भोगांव। नगर के मोहल्ला भीमनगर स्थित घर के ताले तोड़कर चोरों ने लाखों के जेवर और नकदी चोरी कर ली। रविवार सुबह मकान के ताले टूटे देखकर पड़ोसियों ने घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। सूचना पर मकान मालिक मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने तहरीर दी है।
थाना क्षेत्र के मोहल्ला भीम नगर निवासी जितेंद्र राजपूत शनिवार शाम घर का ताला लगाकर गांव नगला राम सहाय किसी काम से गए थे। देररात चोराें ने जितेंद्र के मकान का ताला तोड़कर दो सोने की चेन, कान के झाले, चार सोने की चूड़ियां, बेंदा और चांदी के जेवर और करीब 20 हजार की नकदी चोरी कर ले गए। रविवार सुबह मकान के ताले टूटे देखकर पड़ोसियों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर जितेंद्र घर पहुंच गए। जितेंद्र की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।
जितेंद्र के अनुसार चोर करीब आठ लाख के जेवर और नकदी चोरी कर ले गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में जितेंद्र ने तहरीर दी। प्रभारी निरीक्षक पहुप सिंह ने कहा कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करेगी।