ट्रांस यमुना में इंदिरा ज्योति नगर में एक वृद्ध महिला पर गाय ने हमला बोल दिया। वृद्धा घर के दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी गाय ने उन्हें सींग मारे और घसीटती ले गई। इससे उनका पेट फट गया।
आगरा में लावारिस गोवंश के उत्पात से लोगों को निजात नहीं मिल पा रही है। बृहस्पतिवार की सुबह इंदिरा ज्योति नगर पर घर के दरवाजे पर खड़ी वृद्धा को गाय ने कई फीट ऊंचा उछाल दिया। इके बाद पेट में सींग मार दिया। आसपास के लोगों ने वृद्धा को इलाज के लिए भर्ती कराया। उनके पेट में 30 टांके आए हैं। हालत गंभीर है।
विज्ञापन
ज्योति नगर निवासी जितेंद्र शर्मा की मां आशा देवी (70) सुबह करीब 9:30 बजे अपने घर के दरवाजे पर खड़ी थीं, तभी गाय दौड़ती हुई आई। उसने आशा देवी को सींगों पर उठाकर उछाल दिया। वह काफी दूर जाकर गिरीं। इसके बाद गाय ने उनके पेट में कई बार सींग मारे। उनकी आंतें बाहर निकल गईं। परिजन और आसपास के लोगों ने गाय को भगाया। इसके बाद जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।
परिजन ने बताया कि चिकित्सकों ने 30 टांके लगाएं हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि इलाके में निराश्रित जानवरों के कारण लोग परेशान हैं। आए दिन गोवंश लोगों को शिकार बना रहे हैैं। नगर निगम की टीमें इन्हें पकड़ भी नहीं रही हैं।
मुगल रोड पर बेसहारा गोवंश के हमले में 10 दिन पूर्व प्रशांत गुप्ता की मौत हो गई थी। वह साइकिल से सुबह दूध लेने के लिए निकले थे। तभी गोवंश ने उन्हें टक्कर मार दी थी। हादसे के बाद वह कोमा में चले गए थे। इसका वीडियो वायरल हुआ था।