कासगंज में कोरोना संक्रमण के मामलों में गुरुवार को इजाफा हो गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ), न्यायिक कर्मियों सहित 36 नए संक्रमित मिले हैं। जिससे संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 308 पर पहुंच गया। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया है।
तीन दिन से थी गिरावट
कोरोना संक्रमण के मामलों में पिछले तीन दिन से लगातार गिरावट दर्ज की जा रही थी, जिससे स्वास्थ्य विभाग ने कुछ राहत महसूस की, लेकिन गुरुवार को संक्रमण के मामलों में तेजी से इजाफा हो गया। कासगंज में आने वाले संक्रमितों में अब तक की यह दूसरी बड़ी संख्या है। स्वास्थ्य विभाग को प्राप्त हुई आरटीपीसीआर रिपोर्ट में 24 लोग संक्रमित निकले। जिसमें मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा 12 न्यायिक कर्मी, स्टेट बैंक न्यौली के दो कर्मी शामिल हैं। जबकि एंटीजन से कराई गई 1,004 जांच में 10 लोग और ट्रूनेट जांच में दो लोग कोरोना संक्रमित निकले हैं।
यहां मिले संक्रमित
ये संक्रमित शहर के ऑफिसर कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, धानमिल, सहावर गेट, पटियाली, सोरों के मोहल्ला कटरा, क्यामपुर बहेड़िया, फतेहपुर, अमांपुर आदि क्षेत्रों में सामने आए हैं। संक्रमितों में 2 बच्चे, 14 युवा, 15 व्यक्ति 40 साल से ऊपर के तथा 1 सीनियर सिटीजन शामिल हैं। संक्रमितों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें सक्रिय हो गईं। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दिया गया।
न्यायालय रहेगा बंद
कोरोना संकमण की चपेट में 12 न्यायिक कर्मियों के संक्रमित निकलने के बाद शुक्रवार को जनपद न्यायालय एहतियातन बंद रहेगा। इस दौरान न्यायालय परिसर का सैनिटाइजेशन कराया जाएगा।
जिले में जो कोराना संक्रमित सामने आ रहे हैं उनको होम आइसोलेट कर दिया गया है। सभी संक्रमितों को होम आइसोलेट कर दवा की किट दी जा रही है।
- डा. अनिल कुमार,सीएमओ