भोगांव (मैनपुरी)। मोहल्ला जगतनगर में शुक्रवार को एक बालक को कोरोना सैंपल की जांच के लिए लेने पहुंची पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम को परिजनों के विरोध का सामना करना पड़ा। बाद में पुलिस के समझाने पर परिजनों ने बालक को जांच के लिए क्वारंटीन हाउस भेज दिया।
मोहल्ला जगतनगर निवासी कुछ लोगों ने बृहस्पतिवार को प्रशासनिक अधिकारियों को सूचना दी थी कि मोहल्ले के एक 11 वर्षीय बालक में कोरोना के लक्षण दिख रहे हैं। इस पर पहुंची पुलिस बालक को लेकर क्वारंटीन हाउस पहुंची थी। यहां स्क्रीनिंग के बाद बालक को वापस घर भेज दिया गया था। शुक्रवार को जब बालक को फिर से स्वास्थ्य विभाग की टीम लेने पहुंची तो परिजनों ने विरोध किया। हालांकि बाद में परिजन बालक को जांच के लिए भेजने के लिए राजी हो गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस कुछ लोगों के कहने पर उनके घर की बदनामी कर रही है। उनके बच्चे में कोरोना जैसे कोई लक्षण नहीं हैं। एसडीएम सुधीर कुमार ने चेतावनी दी है कि स्वास्थ्य विभाग और पुलिस जिसे भी जांच के लिए कहे वह जांच कराए। जांच में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।