कोरोना संक्रमण की रफ्तार अब धीरे-धीरे थमने लगी है। रविवार को जहां सात कोरोना संक्रमित मिले थे तो वहीं सोमवार को ये संख्या और कम हो गई। सोमवार को केवल चार ही कोरोना संक्रमित मिले। सभी को होम आइसोलेट किया गया है।
सोमवार को आई जांच रिपोर्ट में चार लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इसके साथ ही जिले में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़कर 239 हो गई। सोमवार को मिलने वाले संक्रमितों में मैनपुरी शहर के दो व किशनी ग्रामीण क्षेत्र के दो लोग शामिल हैं। किशनी क्षेत्र के गांव खिदरपुर में एक 14 वर्षीय किशोर और 33 वर्षीय महिला संक्रमित मिली हैं। वहीं शहर में मोहल्ला पुरोहिताना निवासी 58 वर्षीय वृद्धा और पुरानी मैनपुरी निवासी एक 52 वर्षीय महिला संक्रमित मिली हैं। सभी को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने रिपोर्ट आने के बाद होम आइसोलेट किया है। इसके अलावा संक्रमितों के संपर्क में आने वाले लोगों को भी क्वारंटीन रहने के लिए निर्देशित किया गया है।
जांच कराने वालों की संख्या भी हुई कम
कोरोना संक्रमण कम होने के साथ ही अब जांच के लिए आने वाले लोगों की संख्या भी कम हो गई है। सोमवार को जिला अस्पताल स्थित कोरोना जांच केंद्र पर भीड़ कम नजर आई। शाम तक 35 लोग ही अपनी कोरोना जांच कराने के लिए पहुंचे। स्वास्थ्य विभाग इसे बड़ी राहत मान रहा है।
आगरा: कुकर्म के बाद हुई थी नौ साल के बालक की हत्या, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में खौफनाक खुलासा