आगरा के उत्तर विधान सभा क्षेत्र से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल कोरोना संक्रमित हुए हैं। कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद उन्हें उपचार के लिए एमजी रोड स्थित राम रघु अस्पताल में भर्ती किया है।
आगरा में लगातार कोरोना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। शाहगंज स्थित भोगीपुरा निवासी 63 वर्षीय हृय रोगी की संक्रमित होने के बाद बुधवार को एसएन मेडिकल कॉलेज में मौत हो गई। आगरा में कोरोना संक्रमण से ये 147वीं मृत्यु है। वहीं बुधवार को 53 नए मरीज और मिले हैं। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कुलमरीजों का आंकड़ा 7444 पहुंच गया है। 6889 मरीज संक्रमित होने के बाद ठीक हो चुके हैं। 408 मरीज उपचाराधीन हैं। बुधवार तक 2.77 लाख से ज्यादा लोगों के सैंपल टेस्ट किए जा चुके हैं।
स्वस्थ दर में गिरावट
बुधवार को 32 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। पिछले चार दिनों में मरीजों के स्वस्थ होने की दर 1 फीसदी गिरने से 93.51 से घटकर 92.54 फीसदी रह गई है। मृत्यु दर 2 फीसदी है जबकि संक्रमित होने की दर 2.68 फीसदी है।
दस सुरक्षाकर्मियों की सैंपलिंग हुई
फतेहपुर सीकरी में कोरोना संक्रमण की जांच के लिए चल रहे अभियान के तहत मंगलवार को एएसआई डाकबंगला पर एसआईएस के 10 सुरक्षाकर्मियों की एंटीजन और आरटीपीसीआर जांच की गई। चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश चौधरी ने बताया कि इनमें कोई भी संक्रमित नहीं मिला।
डॉक्टर साहब, मुझे कोई लक्षण नहीं, जांच कराई तो निकला पॉजिटिव
नमूना लेने की क्या जरूरत है, मुझे तो कोई लक्षण ही नहीं है। लेकिन जब जांच की गई तो कोरोना संक्रमण पाया गया। स्वास्थ्य विभाग की जांच में एमजी रोड स्थित मॉल में सबसे ज्यादा पांच कर्मचारी संक्रमित मिले हैं। इनको होम आइसोलेट कर दिया है।
स्वास्थ्य विभाग की सात टीमों ने मंगलवार को संजय प्लेस, सिविल लाइन, एमजी रोड, भगवान टॉकीज, शाहगंज, छलेसर, चर्च रोड, सिकंदरा, सिंधी बाजार, ताजगंज और ताजनगरी में स्थित 14 शॉपिंग मॉल के 900 कर्मचारियों की जांच की। 470 नमूनों की एंटीजन, 430 की आरटीपीसीआर जांच कराई गई। सात कर्मचारी संक्रमित मिले। सर्वे के प्रभारी जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. यूबी सिंह ने बताया कि एमजी रोड स्थित एक कॉम्पलेक्स से पांच और संजय प्लेस स्थित दो मॉल में एक-एक कर्मचारी संक्रमित मिला। इनको सैनिटाइजेशन को भी कहा है। टीम में डॉ. योगेश्वर दयाल, अरविंद यादव, शशिकांत पोरवाल, पंकज सिंह रहे।
खांसी पर 48 कर्मचारियों के बलगम का भी लिया नमूना
48 कर्मचारियों को खांसी, बुखार और कमजोरी के लक्षण मिलने पर टीबी की आशंका पर बलगम का भी नमूना लिया गया है। टीबी कार्यक्रम के समन्वयक कमल सिंह ने बताया कि नमूनों की लैब में जांच कराई जा रही है।