आगरा के मनकामेश्वर मंदिर के गर्भगृह में पूजा-अर्चना के लिए शुक्रवार को विवाद हो गया। कुछ श्रद्धालु प्रवेश करना चाहते थे। कर्मचारियों के रोकने पर विवाद हुआ। सूचना पर पुलिस पहुंच गई। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि कुछ लोग जबरन प्रवेश करना चाहते थे, जिन्हें रोका गया। मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
थाना मंटोला के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि गर्भगृह में जल चढ़ाने का मामला कोर्ट में विचाराधीन है। शुक्रवार को कुछ लोगों के गर्भगृह में प्रवेश की कोशिश पर विवाद हुआ। लोगों का आरोप था कि मंदिर के गर्भगृह पर ताला डाल दिया गया है। भक्तों को रोका जा रहा है। पूर्व में दूसरी आरती के बाद जलाभिषेक शुरू हो जाता था। किसी ने लिखित शिकायत नहीं की है।
उधर, मंदिर के महंत हरिहर पुरी ने बताया कि बेलनगंज निवासी व्यापारी अनिल अग्रवाल समेत अन्य लोगों ने मंदिर प्रबंधन पर शिवलिंग पर जल चढ़ाने से रोक का आरोप लगाते हुए कोर्ट में वाद दायर कर रखा है। यह अभी विचाराधीन है। इसके बावजूद अनिल अग्रवाल समेत अन्य लोग मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करना चाहते थे।
शुक्रवार को रेलिंग से कूदकर अंदर प्रवेश करने की कोशिश की, जबकि गर्भगृह में आने वाले व्यक्ति को ऑफिस में आकर अनुमति लेनी चाहिए। व्यक्ति नाम और पता रजिस्टर में दर्ज किया जाता है। इसके बाद समय दिया जाता है। इस दौरान उचित वस्त्र पहनकर आने होते हैं। मगर, लोगों ने कोई संपर्क नहीं किया। नियम का पालन नहीं किया। इस पर रोका गया था। मंदिर में कैमरे लगे हैं, जिसमें घटना कैद है।