कोसीकलां। बिजली निगम में विभिन्न मांगों को लेकर संविदा लाइनमैन कर्मचारी बृहस्पतिवार को हड़ताल पर रहे। हालांकि विभागीय लाइनमैन फॉल्ट आदि कार्यों के लिए दिनभर दौड़भाग करते रहे, लेकिन कई जगह बिजली आपूर्ति प्रभावित भी रही।
उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन निविदा/संविदा कर्मचारी संघ लखनऊ के आह्वान पर छाता क्षेत्र के संविदाकर्मी हड़ताल रहे। नंदगांव रोड स्थित अधिशासी अभियंता कार्यालय में परिसर में कर्मचारियों ने धरना दिया। डिवीजन अध्यक्ष बाबू खान ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि ठेकेदार/संविदाकारों के माध्यम से संविदा कर्मचारियों की तैनाती कर कार्य कराने के स्थान पर मस्टररोल व्यवस्था के तहत समायोजित कराया जाए।
उन्होंने समान कार्य का समान वेतन देने या न्यूनतम मजदूरी अठारह हजार रुपये कर प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले हितलाभों को देने की मांग भी की। इस मौके पर शिव सिंह, हुकम सिंह, बल्देव, सुरेंद्र सिंह, सतवीर, पंकज शर्मा, गणेश तौमर, तारा, भगवत, पीके सिंह, अकरम, अनिल, रग्गो, मान सिंह, शिवम, अरुण, सुखवीर, रामप्रसाद,विजय, शमशेर, रामअवतार आदि थे। संविदा कर्मचारियों के कार्य बहिष्कार होने के चलते विभाग में तैनात विभागीय लाइनमैन एवं कर्मचारियों ने मोर्चा संभाला। उधर, शहर व देहात में फॉल्ट होने पर लाइन व ट्रांसफार्मर आदि सुधारने का कार्य किया।