फतेहाबाद। तहसील क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में मंगलवार सुबह कोबरा सांप के काटने से दो वृद्ध महिलाओं की हालत बिगड़ गई। परिजन ने दोनों को सीएचसी फतेहाबाद में भर्ती कराया। इनमें से एक महिला की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे आगरा रेफर कर दिया।
घटना सुबह लगभग 8 बजे की है। गांव मीठपुरा निवासी शीला देवी (60) पत्नी कालीचरण गोबर के उपले लेने गई थीं। उपलों में छिपे कोबरा सांप ने उनके हाथ में डस लिया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजन ने सांप को डिब्बे में बंद कर लिया। शीला देवी को सीएचसी फतेहाबाद लेकर पहुंचे और डिब्बे में बंद सांप को डॉक्टरों को दिखाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें आगरा रेफर कर दिया। दूसरी घटना गांव नंदपुरा की है। केशव देवी (70) पत्नी भत्त सिंह सुबह करीब नौ बजे झोपड़ी में साफ-सफाई कर रही थीं। इसी दौरान कोबरा सांप ने उनके बाएं हाथ में डस लिया। परिजन उन्हें सीएचसी फतेहाबाद लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार चल रहा है।