ताज ट्रिपिजियम जोन (टीटीजेड) में मेट्रो परियोजना से जुड़े सभी कार्यों को समय पर पूरा करने के लिए आयुक्त एवं अध्यक्ष टीटीजेड प्राधिकरण अनिल कुमार ने जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह की अध्यक्षता में नौ विभागों की समन्वय समिति का गठन किया है। 20 नवंबर तक समिति को विभाग से संबंधित मेट्रो के कार्यों की रिपोर्ट देनी है।
उत्तर प्रदेश मेट्रो रेले कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) ने आगरा मेट्रो परियोजना के लिए आगरा विकास प्राधिकरण को नोडल एजेंसी नामित किया है। एडीए उपाध्यक्ष एवं टीटीजेड के सदस्य संयोजक देवेंद्र सिंह कुशवाह ने बताया डीएम समिति के अध्यक्ष हैं। समिति में नगरायुक्त, एडीए वीसी, एडीएम भूमि अध्यप्ति, अधीक्षण पुरातत्विद एएसआई, प्रभारी अधिकारी केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, परियोजना निदेशक राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, मुख्य अभियंता लोक निर्माण एवं क्षेत्रीय अधिकारी यूपीपीसीबी को शामिल किया है। इन सभी विभागों को 20 नवंबर तक मेट्रो प्रोजेक्ट से जुड़े कार्यों की रिपोर्ट व आख्याएं उपलब्ध करानी हैं।
दिसंबर में शिलान्यास करेंगे मुख्यमंत्री
मेट्रो पहले कॉरिडोर के लिए बसई, फतेहाबाद रोड और ताज पूर्वी गेट स्टेशन का कार्य दिसंबर में शुरू होगा। मुख्यमंत्री आगरा में मेट्रो का शिलान्यास करेंगे। इससे पहले टीटीजेड की सभी बाधाएं दूर की जाएंगी। डीएम प्रभु एन सिंह ने कहा के इस संबंध में जल्द समिति की बैठक बुलाई जाएगी।