टूंडला (फिरोजाबाद)। ट्रेन से दिल्ली जा रहे रेलयात्री से सीआईटी द्वारा रुपये लेने का मामला सामने आया है। सीआईटी ने यात्री से रुपये लेने के बाद उसे रसीद नहीं दी। यात्री ने ट्विटर के माध्यम से रेल मंत्रालय में शिकायत की है। इस पर सीनियर डीसीएम प्रयागराज ने जांच शुरू करा दी है।
मामला बृहस्पतिवार शाम का है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से टूंडला जंक्शन तक नेताजी एक्सप्रेस में टूंडला हेड क्वार्टर के सीआईटी मानसिंह मीणा कार्यरत थे। शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन विनय नाम के एक यात्री ने सीआईटी से दिल्ली जाने के लिए टिकट मांगा। यात्री के अनुसार सीआईटी ने एक हजार रुपये लेकर उसे ट्रेन में बैठाकर अपना मोबाइल नंबर दे दिया। कहा, आगे कोई टीटीई पूछे तो बात करा देना।
ट्रेन के टूंडला आने के बाद चेकिंग स्टाफ बदल गया। ट्रेन जब अलीगढ़ पहुंची। तभी दूसरे टीटीई ने यात्री से टिकट मांगा तो उसने पूरी बात बताई। इस पर टीटीई ने उसे छोड़ दिया, लेकिन पीड़ित का आरोप है कि ट्रेन में चल रहे स्क्वैड के दो सिपाहियों ने दो सौ रुपये ले लिए। इस पूरे मामले में पीड़ित यात्री के चचेरे भाई ने शुक्रवार दोपहर रेल मंत्रालय को ट्वीट कर दिया, जिसके बाद मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज मोहित चंद्रा के निर्देश पर सीनियर डीसीएम प्रयागराज अंशु पांडेय ने जांच शुरू करा दी है।