मैनपुरी/किशनी। सोशल मीडिया पर परीक्षा के दौरान नकल करते छात्रों का वीडियो शुक्रवार को जमकर वायरल हुआ। वीडियो किशनी क्षेत्र के एक महाविद्यालय का बताया गया है। विश्वविद्यालय परीक्षा में नकल का दावा इस वीडियो के जरिए किया गया है। हालांकि जिला प्रशासन की ओर से वीडियो को लेकर पुष्टि नहीं की गई है।
जिले में विश्वविद्यालय परीक्षाएं चल रही हैं। महाविद्यालयों में नकल की शिकायतें भी लगातार आ रही हैं। शुक्रवार को एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में छात्र परीक्षा के दौरान नकल करते हुए नजर आ रहे हैं। वीडियो के साथ वायरल हो रहे मैसेज में कहा गया है कि यह वीडियो किशनी क्षेत्र के एक महाविद्यालय का है। इसमें परीक्षा के नाम पर रुपये देने की बात कही जा रही है। वायरल वीडियो बृहस्पतिवार को हुई बीएससी भौतिक विज्ञान और वनस्पति विज्ञान की परीक्षा का बताया गया है।
जिन्हें सौंपी जिम्मेदारी वे भी नहीं पहुंचे केंद्र पर
मैनपुरी।
जिले में विश्वविद्यालय परीक्षाओं की निगरानी के लिए क्षेत्रीय उच्च शिक्षाधिकारी आगरा/अलीगढ़ मंडल के निर्देश पर जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह ने जिले के 46 केंद्रों पर कार्यपालक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। बृहस्पतिवार तक अधिकतर मजिस्ट्रेट बनाए गए अधिकारी संबंधित केंदों पर नहीं पहुंचे हैं।
केस नंबर-एक
चकबंदी अधिकारी अशोक कुमार की तैनाती गोवर्धन महाविद्यालय किशनी पर की गई है। बृहस्पतिवार को वह परीक्षा केंद्र पर ड्यूटी के लिए नहीं पहुंचे। उनसे जब बात की गई तो उनका कहना था कि उन्हें अभी तक ड्यूटी कार्ड नहीं मिला है, जिसके चलते वे केंद्र पर नहीं पहुंचे हैं।
केस नंबर-दो
सहायक विकास अधिकारी पंचायत बरनाहल राजेश कुमार दुबे की तैनाती रामेश्वदयाल वाल्मीकि महाविद्यालय पर है। उनसे जब बात की गई तो उनका कहना था कि बृहस्पतिवार को वे केंद्र पर गए थे। शुक्रवार को लखनऊ प्रशिक्षण में है प्रशिक्षण समाप्त होने पर ही वे केंद्र पर पहुंच सकेंगे।
केस नंबर-तीन
सहायक विकास अधिकारी घिरोर अरुण कुमार की तैनाती कैप्टन गंगा सिंह महिला महाविद्यालय घुमर्रा में थी। उनका कहना था कि वे लखनऊ में प्रशिक्षण में हैं। सोमवार को परीक्षा केंद्र पर पहुंचेंगें।
सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले वीडियो की प्रमाणिकता साबित नहीं हो पाती है। अगर कहीं नकल हो रही है तो कोई भी व्यक्ति जिला प्रशासन को सीधे तौर पर साक्ष्य उपलब्ध कराए। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
महेंद्र बहादुर स िंह, जिलाधिकारी।