13एमएनपी-14-कलक्ट्रेट सभागार में बैठक लेते मंडलायुक्त अनिल कुमार
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त आगरा ने समीक्षा बैठक कर योजनाओं के बारे में जानकारी कर जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य रूप से फसल बीमा की संख्या बढ़ाने पर जोर दिया।
मंडलायुक्त अनिल कुमार ने कहा कि जिले में फसल बीमा लेने वाले किसानों की संख्या काफी कम है। ऐसे में जब भी प्राकृतिक आपदा आती है तो किसानों को मुआवजा नहीं मिल पाता है। उन्होंने उप जिलाधिकारी से किसानों को जागरूक कर फसल बीमा की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। वहीं नगरीय क्षेत्रों के प्रमुख मार्गों को पक्का कराने के साथ ही पार्क व अन्य सार्वजनिक स्थलों का सुंदरीकरण कराने के लिए कहा। पेंशनर्स की समस्याओं का सर्वोच्च प्राथमिकता पर निराकरण कराने के भी उन्होंने निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि आवास योजना ग्रामीण के तहत कोई भी पात्र लाभार्थी लाभ पाने से वंचित न रहे। सभी उपजिलाधिकारी सुनिश्चित करें कि पात्रों को लाभ दिलाने हेतु मांग भेजी जाए। उन्होंने कहा कि उप जिलाधिकारी सुनिश्चित करें कि जिन भू-माफियाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा चुकी है उन मामलों में चार्जशीट जारी हो। साथ ही रोस्टर के अनुसार ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए। समीक्षा के दौरान वाणिज्य कर, आबकारी, नगर निकाय, स्टांप एवं निबधंन की प्रगति खराब मिलने पर सुधार के निर्देश दिए।
बैठक के बाद मंडलायुक्त ने राजकीय पुस्तकालय का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न प्रकार के प्रतियोगी परीक्षा के छात्र-छात्राओं से बातचीत कर की जा रही तैयारियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिलाधिकारी द्वारा पुस्तकालय की बेहतरी के लिए किए गए इंतजामों की प्रशंसा की। डीएम महेंद्र बहादुर सिंह, एसपी अजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी बी. राम मौजूद रहे।