आगरा में पानी सहेजने के लिए आवास विकास कॉलोनी के पांच बच्चों ने एक अनोखी पहल शुरू की है। इन बच्चों ने रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने के लिए अपनी गुल्लक तोड़ दी। इन बच्चों का कहना है कि पानी की बचत इस दौर की अहम जरूरतों में से एक है।
आवास विकास कॉलोनी सेक्टर-9 में रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने की बच्चों की इस पहल में कॉलोनी के लोग भी साथ दे रहे हैं। जीडी गोयंका में पढ़ने वाली 16 साल की आयशा शर्मा, 10 साल की अविका शर्मा, सेंट पॉल्स इंटर कालेज में पढ़ने वाली 13 साल की देवीना कत्याल, ग्लोबल स्कूल में पढ़ने वाली आठ साल की दिव्यांशी बजाज और गायत्री पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाली आठ साल की ऋद्धि सिंह ने कॉलोनी में रेन वॉटर हॉर्वेस्टिंग सिस्टम बनवाने के लिए अपनी गुल्लक से 12000 हजार रुपये जल संचयन के लिए देने की घोषणा की है।
पानी सहेजने के महत्व को समझने के बाद अपने अभिभावकों की सहमति पर उन्होंने मिलकर गुल्लक में जमा अपनी पूंजी को जल संचयन के लिए देने का फैसला लिया है।