सुमित का फोटो, खुशी मनाती छात्राएं
- फोटो : अमर उजाला
सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकंड्री एजुकेशन (सीबीएसई) का परिणाम सोमवार को आया। 12वीं में टयूलिप पब्लिक स्कूल के छात्र सुमित यादव टॉपर बने। इन्होंने 96.60 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। जबकि डाॅ. लोकमन दास पब्लिक स्कूल के छात्र हिमांशू 96.40 अंक पाकर दूसरे स्थान पर रहे। वहीं सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा तुष्टि वार्ष्णेय ने 96 फीसदी अंक के साथ तीसरा स्थान पाया। टॉप-10 की सूची में छात्राओं का दबदबा रहा। 6 छात्राओं और 4 छात्रों को स्थान मिला।
टॉप-10 की बात की जाए तो सरस्वती विद्या मंदिर की छात्राएं हनी पालीवाल व खुशी जैन 95.60 और लिमरा इंटरनेशनल स्कूल की छात्रा रिदा शेख 95.60 अंक पाकर शामिल होने में कामयाब रहीं हैं। इनके अलावा सरस्वती विद्या मंदिर की ही निधि, प्रज्ज्वल पाठक, लक्ष्य शर्मा और नीरज 95 फीसदी अंक पाने में सफल रहे हैं। इनमें 6 छात्राएं और 4 छात्र हैं जो टॉप-10 में जगह बनाने में कामयाब रहे हैं। इनके बेहतर प्रदर्शन से विद्यालयों के साथ ही परिजन ने बधाई दी।
मेधावी छात्र-छात्राओं को घरों पर पहुंचकर शुभचितकों की ओर से शुभकामनाएं दी गईं। मिठाई खिलाकर मुंह मीठा कराने वालों का तांता लगा रहा। वहीं विद्यालयों में अधिक अंक पाने में सफल रहे छात्र-छात्राओं का सहपाठियों ने भी मनोबल बढ़ाने का काम किया। इनके साथ फोटो खिंचाए और उज्ज्वल भविष्य की कामनाएं कीं।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहता है सुमित
शहर के मध्य संचालित टयूलिप पब्लिक स्कूल के जिला टॉपर रहे छात्रा सुमित यादव आईआईटी कर साॅफ्टवेयर इंजीनियर बनना चाहते हैं। प्रधानाचार्य बिंदु जायसवाल ने बताया कि सुमित ने कोई कोचिंग नहीं ली और परिणाम आने से पहले आईआईटी मेंस क्लीयर कर चुका है। सुमित ने बताया कि वह अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को देते हैं। उनकी प्रेरणा से ही इंटरमीडिएट में जिला टॉपर बनने का सपना पूरा हो सका है। आगे भी पढ़ाई निरंतर जारी रखकर आईआईटी कर साॅफ्टवेयर इंजीनियर बनने का सपना है। इसको साकार कर माता-पिता, परिवार और जिला व देश का नाम रोशन करने पर पूरा ध्यान रहेगा। नए और उपयोगी साॅफ्टवेयर लोगों को उपलब्ध कराकर उनका जीवन आसान करना और देश की सेवा करना लक्ष्य है। पिता उमेश चंद्र यादव सेना से सेवानिवृत्त हो चुके हैं। अपने पैतृक मकान शांतिनगर में मां अनीता यादव के साथ रहकर पढ़ाई की है।