कासगंज जिले में पटियाली से लेकर सोरों तक सड़क चौड़ीकरण की जद में आधी से अधिक दुकान आने से सदमे में आए व्यापारी की रविवार को दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। सूचना पर व्यापारी जुटे तो आक्रोश बढ़ने लगा।
कुछ देर बाद ही चौड़ीकरण के विरोध में बाजार बंद कर दुकानों पर पंफलेट चिपका दिए गए। व्यापारियों का कहना है कि यह मौत दुकान तोड़ने की चेतावनी मिलने के बाद अवसाद में हुई है।
बड़ा बाजार में व्यापारी श्याम कृष्ण मिश्रा (65) की कन्फेक्शनरी की दुकान है। यह दुकान उन्होंने मेडिकल स्टोर संचालक को किराए पर दे रखी हैं। शासन की अलीगंज-सोरों मार्ग चौड़ीकरण परियोजना में उनकी 12 गुणे 12 फुट की दुकान का 1.75 मीटर हिस्सा आ गया।
महीने भर पहले उन्हें ध्वस्तीकरण का नोटिस भी मिल चुका था। इसको लेकर श्यामकृष्ण तनाव में थे। रविवार पूर्वाह्न उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उनकी मौत हो गई।