मैनपुरी। बीएसए ने 31 मार्च 2025 को सेवा निवृत्त होने वाले शिक्षकों के जीपीएफ प्रकरण का सामूहिक रूप से निस्तारण किया। सोमवार को सेवा निवृत्त शिक्षकों को अपने कार्यालय पर बुलाकर उनका सम्मान भी किया। तीन शिक्षकों के प्रकरण का भुगतान लेखाधिकारी और खंड शिक्षाधिकारी की लापरवाही से नहीं हो सका। संबंधितों से दो दिन में फाइल कार्यालय में उपलब्ध कराने को कहा गया है।
बीएसए दीपिका गुप्ता ने बताया कि 31 मार्च 2025 को जिले के 44 शिक्षक सेवानिवृत्त हुए हैं। इनमें से तीन शिक्षक एनपीस (नवीन पेंशन योजना) से संबंधित हैं जबकि 41 शिक्षक जीपीएफ से संबंधित हैं। बीएसए ने बताया कि 19 मई को सामूहिक रूप से 38 शिक्षकों के सभी प्रकार के देयकों का सामूहिक रूप से शिविर लगाकर निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि दो शिक्षकों के प्रकरण लेखाधिकारी के यहां लंबित हैं। दो दिन के अंदर लेखाधिकारी को पत्रावली उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं, एक शिक्षक को अभी तक अदेय प्रमाणपत्र प्राप्त नहीं हुआ है। संबंधित खंड शिक्षाधिकारी को जल्द पत्रावली पूर्ण कराकर कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।