पूछा... कौन लड़ना चाहता है चुनाव
बैठक की शुरुआत में नड्डा ने पूछा कि मैं पहले यह जानना चाहता हूं, यहां बैठे लोगों में कोई ऐसा तो नहीं जो चुनाव लड़ना चाहता हो और टिकट नहीं मिला तो उसका मन खराब हो। इस पर कुछ लोगों ने हाथ उठाकर कहा कि हमने टिकट तो मांगा था पर मिला नहीं। लेकिन हमारा मन खराब नहीं है। पार्टी प्रत्याशी को पूरी ईमानदारी से चुनाव जिताएंगे।
चुनाव संचालन और जीत के मंत्र बताए
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने चुनाव संचालन की तैयारियों को लेकर अलग अलग तीन घंटे तक बैठकों में जीत के मंत्र बताए। विधानसभा प्रभारियों से कहा कि वह शक्ति केंद्र प्रभारी, बूथ अध्यक्ष व बूथ लेवल एजेंट यानी त्रिदेव के साथ बैठक करें। अपनी विधानसभा में हर हाल में उन कार्यकर्ताओं को मनाएं, जोकि नाराज हैं।
बूथ की ग्रेडिंग करें
कहा कि पिछले चार चुनाव को ध्यान में रखते हुए बूथ की ग्रेडिंग करनी है। ए, बी, सी, डी के हिसाब ग्रेडिंग करें। जिस बूथ पर ज्यादा वोट हैं, वह ए श्रेणी के हैं। इसके बाद अन्य श्रेणियां वोटवार देखें। डी कैटेगरी के बूथों पर 50 से 100 मतदाता बनाएं।
हर बूथ का सोशल मीडिया ग्रुप
हर बूथ पर सोशल मीडिया का ग्रुप होना चाहिए, जिस पर रोज सरकार की योजनाओं से संबंधित सामग्री डालनी चाहिए। योगी और प्रधानमंत्री की क्लिपिंग डालते रहना चाहिए। 30 जनवरी को प्रधानमंत्री के मन की बात को सभी बूथों पर एलईडी स्क्रीन लगाकर दिखाएं। उन्होंने की वोटर्स, कमल सखी मंडल के साथ ही अनुसूचित जाति व ओबीसी के प्रमुख लोगों की सूची बनाकर संवाद करने को कहा।
लाभार्थियों से संपर्क करें
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लाभार्थियों से संपर्क करने के लिए पन्ना प्रमुखों को जिम्मेदारी दी गई। विधानसभा प्रभारियों से कहा गया कि आप रोज रात को डेढ़ घंटे से 2 घंटे तक सभी शक्ति केंद्रों के प्रभारी संयोजक, बूथ अध्यक्ष, पन्ना प्रमुखों की मॉनिटरिंग करेंगे। रोज रात को चुनाव संचालन समिति की बैठक होनी चाहिए।
सबको मनाया जाएगा
चुनाव के दौरान कार्यकर्ताओं की नाराजगी नई बात नहीं है। सबको मनाया जाएगा। बात की जाएगी। अभी केवल नामांकन ही हुए हैं। -गिर्राज कुशवाह, जिलाध्यक्ष, भाजपा
कालीचरन सुमन रालोद छोड़ भाजपा में हुए शामिल
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को होटल रमाडा में आयोजित बैठक से पहले पूर्व विधायक कालीचरन सुमन को पार्टी की सदस्यता ग्रहण करवाई। नड्डा ने उन्हें भगवा पटका पहनाया। सुमन आगरा ग्रामीण विधानसभा सीट से 2012 के चुनाव में बसपा के टिकट पर चुनाव जीता था। वर्ष 2017 के चुनाव में हार के बाद वह रालोद में शामिल हो गए। रालोद से टिकट की दावेदारी की थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें टिकट नहीं दिया। इस पर उन्होंने रालोद की जिलाध्यक्ष कुसुम चाहर पर टिकट के लिए पैसे की मांग करने का आरोप भी लगाया था। शुक्रवार को वह भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने इसके बाद ग्रामीण विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी बेबीरानी मौैर्य से मुलाकात की। कहा कि वह भाजपा प्रत्याशी को जिताने के लिए काम करेंगे।
खराब मौैसम ने बदला कार्यक्रम
घने कोहरे के कारण जेपी नड्डा का कार्यक्रम तब्दील हो गया। वह हवाई जहाज के स्थान पर सड़क मार्ग से सुबह 10 के स्थान पर दोपहर डेढ़ बजे आगरा पहुंचे। इसके बाद उनका बरेली का कार्यक्रम रद्द कर दिया गया।
राजेश्वर मंदिर में किया अमृत अभिषेक
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा सड़क मार्ग से आगरा में सबसे पहले शमसाबाद रोड स्थित राजेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यहां उन्हें भगवान शिव का अमृत अभिषेक करवाया गया। मंदिर के आचार्य श्रीनिवास शास्त्री, देवेंद्र शास्त्री व रूपेश पुजारी ने 16 मंत्रों से अमृत अभिषेक करवाया। दुग्धाभिषेक के बाद नड्डा ने आरती उतारी। इसके बाद सीधे बैठक के लिए रवाना हो गए।