यमुना एक्सप्रेसवे के जाबरा टोल पर तैनात पुलिस
- फोटो : अमर उजाला
संयुक्त किसान मोर्चा ने कृषि कानून के खिलाफ आज भारत बंद का एलान किया है। इसे लेकर आगरा-मथुरा समेत ब्रज के किसान संगठनों ने रविवार को बैठक कर बंद को प्रभावी बनाने के लिए रणनीति बनाई। उधर, किसानों के भारत बंद को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट है। पुलिस का फोकस यमुना एक्सप्रेसवे की सुरक्षा को लेकर बना हुआ है। एक्सप्रेस-वे और हाईवे पर चौकसी बढ़ा दी गई है।
आगरा के भारतीय किसान यूनियन के जिलाध्यक्ष राजवीर लवानियां ने कहा कि कृषि कानून वापस लेने की मांग के लिए भारत बंद कर रहे हैं। इसमें सहयोग देने के लिए मोतीगंज समेत विभिन्न व्यापारियों के संगठन के पदाधिकारियों से मिलकर भारत बंद में सहयोग करते हुए अपने प्रतिष्ठान बंद करने की अपील की है। किसान नेता चौधरी रामवीर सिंह, सौरभ चौधरी, सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी ने व्यापारियों से बंद में सहयोग करने की अपील की है।
मथुरा जिले के ग्रामीण अंचल में सक्रिय किसान संगठन भारत बंद लेकर रविवार को बैठकों में जुटे रहे। भारतीय किसान यूनियन के दोनों गुटों की अलग-अलग बैठक हुईं। इसमें किसान नेताओं ने किसानों से विरोध में शामिल होने की अपील की। हालांकि भारतीय उद्योग व्यापार मंडल, अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल सहित अन्य व्यापारी संगठनों का रुझान स्थानीय स्तर पर इस बंद के पक्ष में नहीं है।