मैनपुरी। थाना बेवर पुलिस ने शुक्रवार की रात सर्विलांस टीम की मदद से तीन शातिर लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से लूटी गई बाइक, मोबाइल व जेवर आदि बरामद हुए। शनिवार को एसपी ने प्रेसवार्ता कर कार्रवाई के संबंध में जानकारी दी।
पुलिस लाइन सभागार में प्रेसवार्ता में एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि छह अप्रैल को शिवसिंहपुर निवासी अजय कुमार के साथ बदमाशों ने बाइक व मोबाइल लूटा था। सीओ भोगांव के निर्देशन में सर्विलांस व बेवर पुलिस लुटेरों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार की रात रसूलाबाद बाईपास के पास तीन लुटेरों को दबिश देकर गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में इन्होंने अपने नाम रज्जाक निवासी नगला गणपत कासगंज, दिलशाद गांव भजेरा बदायूं, गौरव निवासी पश्चिम काजीटोला बेवर बताया। भागे हुए साथी का नाम अजब सिंह बताया। एसपी ने बताया कि लुटेरों के कब्जा से लूटी गई बाइक, मोबाइल, सोने की चेन, तमंचा और कारतूस बरामद हुए।
बना रहे थे लूट की योजना
सीओ भोगांव चंद्रकेश सिंह ने बताया कि लुटेरे भोगांव निवासी किसी सुनार को लूटने कीयोजना बना रहे थे। बताया कि सराफ रात को दुकान बंद कर घर जाता है तो थैले में तीन से चार लाख रुपये के जेवर और नकदी भी ले जाता है। सराफ का नाम उनके भागे हुए साथी को पता है। पुलिस साथी की तलाश कर रही है।