बरनाहल (मैनपुरी)। थाना क्षेत्र में शुक्रवार की देररात थाना पुलिस ने खुशालपुर जंगल के पास गोवंश लाद रहे तीन गो-तस्करों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से दो तमंचा और कारतूस मिले। मुकदमा दर्ज करने के बाद शनिवार को पकड़े गए आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। आरोपी मेरठ के निवासी हैं।
शुक्रवार की देररात थाना पुलिस को सूचना मिली कि खुशालपुर के जंगल में गोतस्कर गोवंश को वाहन में लादकर ले जा रहे हैं। सूचना मिलने के बाद एसएसआई राजकुमार गोस्वामी ने उच्चाधिकारियों को अवगत कराया और टीम के साथ मौके पर रवाना हो गए। वहां जाकर देखा तो गोतस्कर गोवंश को एक कंटेनर में लाद रहे थे।
पुलिस ने जब घेराबंदी की तो गो-तस्करों पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले का बचाव करते हुए पुलिसकर्मियों ने तीन गोतस्करों को दो तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस बरामद कंटेनर को भी थाने ले आई। पूछताछ में गो-तस्करों ने अपने नाम साकिब निवासी तावली थाना शाहपुर मुजफ्फर नगर, अहसान निवासी इस्लामाबाद थाना सरधना मेरठ और जसवीर सिंह निवासी गंजमंडी थाना सरधना मेरठ बताया। पुलिस ने गो-तस्करों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने के बाद शनिवार को न्यायालय में पेश किया।