बांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ (फाइल)
- फोटो : अमर उजाला
तीर्थनगरी वृंदावन में एक दिसंबर को ठाकुर बांकेबिहारी का प्राकट्योत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। बांकेबिहारी मंदिर को भव्य रूप से सजाया जाएगा। निधिवन से बांकेबिहारी मंदिर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें चांदी के रथ पर स्वामी हरिदास महाराज बांकेबिहारी मंदिर पहुंचकर प्राकट्योत्सव की बधाई देंगे।
ठाकुर बांकेबिहारी महाराज की प्राकट्य स्थली निधिवन में विहार पंचमी पर (एक दिसंबर) प्रात: 4.30 बजे प्राकट्य स्थल का सेवायत भीकचंद गोस्वामी, रोहित गोस्वामी के सानिध्य में भक्तों द्वारा पंचामृत से अभिषेक किया जाएगा। पंचामृत में दूध, दही, शहद, घृत, शक्कर शामिल हैं।
करीब एक घंटे से अधिक समय तक कुंज बिहारी श्री हरिदास के बोलों के बीच अभिषेक होगा। इसके बाद प्रात: आठ बजे निधिवन से बांकेबिहारी मंदिर के लिए धूमधाम से शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा में चांदी के रथ में बांकेबिहारी के प्राकट्यकर्ता स्वामी हरिदास महाराज का चित्रपट विराजमान होगा।
चांदी का रथ पुष्पों व लता पताओं से सजाया जाएगा। इसके अलावा ठाकुर बांकेबिहारी, राधाकृष्ण, भगवान गणेश, भगवान शिव, स्वामी बिट्ठल विपुल महाराज की झांकियां होंगी। शोभायात्रा में देश के कई शहरों से बैंड शामिल होंगे।
शोभायात्रा में यह होगा पहली बार
निधिवन में बांकेबिहारी की प्राकट्य स्थली
- फोटो : अमर उजाला
बांकेबिहारी मंदिर के सेवायत भीकचंद गोस्वामी ने बताया कि जन-जन के आराध्य ठाकुर बांकेबिहारी के प्राकट्योत्सव पर निधिवन में प्रात: अभिषेक के बाद शोभायात्रा निकाली जाएगी। ठाकुर बांकेबिहारी महाराज का आज के दिन केसर मोहन भोग (केसर हलुआ) का विशेष भोग लगता है। जो जगह-जगह ठाकुरजी के प्रसाद के रूप में बंटता है।
निधिवन से बांकेबिहारी मंदिर के लिए निकलने वाली शोभायात्रा में पहली बार नासिक का वो बैंड शामिल होने जा रहा है, जो गणेश चौथ पर फिल्म अभिनेता अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान व उद्योगपति मुकेश अंबानी के यहां बजा था।
इस बैंड में 30 महिलाएं व 70 पुरुष शामिल होंगे। विदेशों तक प्रस्तुति दे चुका जयपुर का अशोक बैंड भी शोभायात्रा में शामिल होगा। राया की शहनाई व आगरा, दिल्ली, मथुरा, वृंदावन के सात बैंड अपनी प्रस्तुति देंगे।
कई राज्यों से आ रहीं कीर्तन मंडलियां
ठाकुर बांकेबिहारी की बधाई शोभायात्रा में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली से सात कीर्तन मंडली आएंगी। इस्कॉन मंदिर से भी देशी-विदेशी भक्तों की एक कीर्तन मंडली शोभायात्रा की शोभा बढ़ाएंगी। निधिवन में भजन गायक जेएसआर मधुकर प्रात: 10 से दोपहर 2 बजे तक भजन प्रस्तुति एवं बधाई गायन करेंगे। इसके बाद भजन गायक पूनम द्वारा दोपहर 3 से शाम 6 बजे तक भजन प्रस्तुत कर भक्ति रस की धारा प्रवाहित करेंगी।
पंजाब के कलाकार रंगोली से करेंगे शोभायात्रा का स्वागत
निधिवन से निकलने वाली शोभायात्रा में शामिल स्वामी हरिदास महाराज के चांदी के रथ के आगे आगे पंजाब से आए 50 रंगोली कलाकार रंगोली बनाते हुए चलेंगे। वह शोभायात्रा का स्वागत नगर के मार्गों पर रंगोली सजाकर करेंगे।