फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: शादी समारोह से 20 लाख के जेवरात से भरा बैग चोरी, होटल मालिक सहित सात के खिलाफ मुकदमा

Sat, 27 Nov 2021 07:09 PM IST
मुकेश कुमार अमर उजाला ब्यूरो, आगरा

सार

आगरा में शादी समारोह में चोरी की घटनाएं थम नहीं रही हैं। इस बार चोरों ने मधु होटल एवं रिसॉर्ट में वारदात को अंजाम दिया। यहां से 20 लाख रुपये के आभूषणों से भरा बैग चोरी हो गया। बीते 15 दिनों में इस तरह की चोरी की कई वारदात हो चुकी हैं। 
विज्ञापन
सिकंदरा थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के सिकंदरा क्षेत्र में स्थित मधु होटल एवं रिसॉर्ट में शुक्रवार रात को शादी समारोह के दौरान 20 लाख के गहने और एक लाख रुपये से भरा बैग चोरी कर लिया गया। बैग दूल्हे के पिता के पास था। उन्होंने रिसेप्शन पर बैग रखा था। दो मिनट में चोरी कर लिया गया। पीड़ित ने होटल मालिक और छह कर्मचारियों पर साजिश कर चोरी का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस का कहना है कि विवेचना के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन


एटा के कोतवाली देहात निवासी विनोद कुमार दिल्ली सचिवालय में तैनात हैं। उनके बेटे अंजुल की आगरा में शादी थी। वह सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। लड़की पक्ष इगलास अलीगढ़ के रहने वाले हैं। शुक्रवार को बरात सिकंदरा स्थित मधु रिसॉर्ट में आई थी। वधू पक्ष ने रिसार्ट को बुक किया था।

विनोद कुमार ने पुलिस को बताया कि रात तकरीबन 12:45 बजे जयमाला का कार्यक्रम चल रहा था। उस समय वो गेट पर मेहमानों को विदा कर रहे थे। कुछ देर के लिए उन्होंने गहनों से भरा बैग रिसेप्शन पर रख दिया। दो मिनट बाद ही बैग देखा तो चोरी हो चुका था। काउंटर के आसपास मौजूद कर्मचारियों से बैग के बारे में पूछताछ की, लेकिन उन्होंने कुछ नहीं बताया। इस पर सीसीटीवी कैमरों के फुटेज दिखाने को कहा। मगर, एक घंटे तक कर्मचारी गुमराह करते रहे। 

विज्ञापन

खराब थे सीसीटीवी कैमरे
ऑपरेटर को भी काफी देर बाद बुलाया। उसने बताया कि जिस स्थान से बैग चोरी हुआ है, वहां के कैमरे खराब हैं। यहां तीन कैमरे लगे थे, जिनमें से दो खराब हैं। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने होटल के बाहर के कैमरे देखे, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। विनोद कुमार का आरोप था कि किराये के रुपये लेने के बावजूद होटल में सुरक्षा नहीं थी। 

थाना सिकंदरा के प्रभारी ने बताया कि पीड़ित विनोद कुमार ने आरोप लगाया है कि होटल मालिक गिर्राज बंसल ने अपने कर्मचारियों के साथ साजिश करके गहनों से भरा बैग चोरी कराया है। सीसीटीवी कैमरों को खराब करके चोरी को छुपाने का प्रयास किया। 

बैग में सोने, हीरे और चांदी के तकरीबन 20 लाख के जेवरात और एक लाख रुपये रखे हुए थे। पीड़ित की तहरीर पर होटल मालिक गिर्राज बंसल, कर्मचारी राजेंद्र सुनार, सनी, सफाई कर्मी राहुल, संतरी राजपाल शर्मा, जितेंद्र और गौरव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
विज्ञापन

जेल से छूटे अपराधियों का डाटा खंगाल रही पुलिस
एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि शादी समारोह में पुलिस नहीं घुस सकती। लोगों को अंजान लोगों से सावधान रहने की जरूरत है। पूर्व में हुई वारदात में पुलिस ने जिन गैंग को जेल भेजा था, उनका डाटा खंगाला जा रहा है। यह देखा जा रहा है कि गैंग के सदस्य जमानत पर बाहर आए हैं तो कहां रह रहे हैं। कुछ वारदात में सीसीटीवी फुटेज भी मिले हैं। उन फोटो का पूर्व में जेल भेजे गए अपराधियों से मिलान किया जा रहा है।

यह हो चुकी हैं वारदात
शहर में यह कोई पहली वारदात नहीं है। अग्रवन में 23 नवंबर को दुल्हन की मां अल्पना का बैग चोरी किया गया था। उसमें दस लाख से ज्यादा के जेवरात और रुपये थे। इससे पहले भी मैरिज होम से गैंग चोरी कर चुका है। पुलिस लोगों को सचेत रहने की सलाह दे रही है। 

शादी में आने वाले अंजान लोगों और बच्चों पर नजर रखनी चाहिए। गैंग की नजर बैग लिए लिफाफे लेने वाले व्यक्ति पर होती है। यह दूल्हा-दुल्हन के माता-पिता या रिश्तेदार होते हैं। गैंग में शामिल बच्चे इन्हीं लोगों के आसपास घूमते हैं। कुछ ही देर में मौका पाकर बैग चोरी कर लेते हैं। ऐसे में गहने और रुपयों से भरा बैग कहीं रखें नहीं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें