राष्ट्र प्रेम की भावना से ओतप्रोत मां तुझे प्रणाम कार्यक्रम में आगरा के लोगों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह दस बजे प्रमुख चौराहों पर सायरन के साथ राष्ट्रगान बजा तो लोग सम्मान में जहां जिस स्थिति में थे खड़े हो गए। लोगों ने चौराहों पर अपने वाहनों का रोक इस अभियान में हिस्सा लिया।
जन-जन का अभियान बन चुके मां तुझे प्रणाम के तहत ताजनगरी ने हर साल की तरह इस बार भी सबसे बड़े राष्ट्रगान का इतिहास रचा। जश्न ए आजादी पर सुबह ठीक दस बजते ही तिरंगे के सम्मान में जो जहां था, वहीं पर खड़ा हो गया। अमर शहीदों की प्रेरणादायी तस्वीरों के साथ दुल्हन की तरह सभी चौराहों पर तो लोगों ने जन-गण-मन गाया ही, गली-मोहल्लों में भी 52 सेकेंड तक सावधान की मुद्रा में खड़े रहे। शहर ही नहीं, देहात में भी ऐसे ही दृश्य रहे।
विज्ञापन
15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम हरीपर्वत चौराहे पर हुआ। इसके साथ ही शहर के चौराहों को तिरंगों और गुब्बारों से आकर्षक ढंग से सजाया गया। शहर के प्रमुख चौराहों पर स्वतंत्रता का उत्सव मनाया गया। सुबह ठीक 10 बजे चौराहों पर 52 सेकेंड के लिए जो जहां है वहां थम गया और फिर राष्ट्रगान गाया गया। विभिन्न संगठन देशभक्ति के इस अभियान में हमारे सारथी बने।
विज्ञापन
वहीं रामलाल वृद्धाश्रम से तिरंगा रैली निकाली गई, तो वहीं नामनेर में शहीदों की याद में रक्तदान शिविर लगाया गया। देशभक्ति के उत्सव 'मां तुझे प्रणाम' में आगरा विकास मंच सहित कई संगठन ने चौराहों को सजाया।
आगरा विकास मंच के सहयोग से आयोजित रुकिए 52 सेकेंड कार्यक्रम में सूरसदन चौराहा नयन ऑप्टिक्स, हरीपर्वत चौराहा वॉन विलेक्स जर्मनी, सेंट जोंस चौराहा द नेचरो इटली, राजामंडी आगरा विकास मंच, धाकरान चौराहा धाकरान समाज व मोती पैलेस, साईं का तकिया एमएम सेल्स, नामनेर चौराहा नामनेर बाजार कमेटी, वेदांत मंदिर सर्किल यमुना किनारा उ. प्र. उद्योग व्यापार मंडल व आगरा गुड्स कैरियर, स्पीड कलर लैब सैल्यूट तिरंगा संगठन ने सजाया। वहीं सिकंदरा चौराहे को रामलाल आश्रम की ओर से सजाया गया।
सिकंदरा चौराहे तक निकलेगी रैली
आगरा विकास मंच के अध्यक्ष राजकुमार जैन ने बताया कि रामलाल वृद्धाश्रम कैलाश मंदिर से सिकंदरा चौराहे तक 300 बुजुर्गों के साथ रैली निकाली गई। इसमें बच्चों की झांकी, जोकि महापुरुषों के वेश में दिखाई दी। रैली भ्रमण करके सिकंदरा चौराहे पर समाप्त हुई।
शहीदों की याद में रक्तदान शिविर
मां तुझे प्रणाम के तहत संकल्प सेवा संस्था, नामनेर बाजार कमेटी, प्रीपेड टैक्सी एसोसिएशन और सहयोगी संगठनों के साथ स्वाधीनता दिवस पर शहीदों के नाम स्वैच्छिक रक्तदान शिविर लगाया गया।