आगरा जिला पंचायत अध्यक्ष पद के उम्मीदवार को नामांकन पत्र जमा करने से पहले आपराधिक इतिहास समेत 15 बिंदुओं पर घोषणा करनी होगी। आपराधिक मुकदमों में दोष सिद्ध है या नहीं, सेवा से पदच्युत, दिवालिया, बकायेदारी के बारे में बताना होगा। घोषणा पत्र के अलावा शपथ पत्र के साथ नामांकन होगा। सोमवार को सहायक निर्वाचन अधिकारी योगेंद्र कुमार ने उम्मीदवारों के लिए घोषणा व शपथ पत्र का प्रारूप जारी किया।
जिला पंचायत एवं निर्वाचन कार्यालय से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो गई है। सामान्य वर्ग के लिए 1500 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 750 रुपये नामांकन शुल्क देकर पर्चा खरीदा जा सकता है। सोमवार को पहले दिन कोई नामांकन पत्र नहीं बिका। सहायक निर्वाचन अधिकारी एवं एडीएम वित्त योगेंद्र कुमार ने बताया कि 26 जून तक नामांकन पत्रों की बिक्री होगी। उन्होंने कहा घोषणा पत्र के सभी बिंदुओं पर प्रत्याशियों को सूचना भरना आवश्यक है। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी और एक प्रस्तावक का प्रवेश मिलेगा। प्रत्याशियों के लिए आवश्यक प्रपत्र व प्रमाण पत्रों का ब्योरा भी जारी किया है।
26 जून को होंगे नामांकन
जिला पंचायत अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित है। नामांकन के लिए प्रत्याशियों को सिर्फ एक दिन 26 जून मिलेगा। सुबह 11 बजे से तीन बजे तक नामांकन दाखिल होंगे। तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। 29 जून को नाम वापसी और फिर तीन जुलाई को सुबह 11 बजे से मतदान होगा। जिला पंचायत सदस्य ही मतदान करेंगे। जिले में 51 सदस्य हैं। 26 सदस्य जिस प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे वह विजयी होगा।
निर्दलीय करेंगे उलटफेर, बहुमत से दूर भाजपा-बसपा
जिला पंचायत अध्यक्ष पद चुनाव में निर्दलीय और बागी बड़ा उलटफेर कर सकते हैं। बसपा के सबसे ज्यादा 20 सदस्य चुने गए हैं। भाजपा के पास 18 सदस्य हैं। सात निर्दलीय हैं। पांच सपा, एक रालोद और एक महानदल समेत 51 सदस्य हैं। बहुमत के लिए 26 सदस्य चाहिए। भाजपा और बसपा दोनों बहुमत से दूर हैं।
ये भी पढ़ें-
आगरा: चौथी बार महिला बनेगी जिला पंचायत अध्यक्ष, जारी हुआ कार्यक्रम, जानिए नामांकन की तारीख