आगरा में टीका लगवाने के बाद किशोरों का जोश आसमान पर है। बोले, कोरोना वायरस के नए-नए वैरिएंट आ रहे हैं। ऐसे में विश्व स्वास्थ्य संगठन और चिकित्सक भी नियमों का सख्ती से पालन करेंगे। भीड़ में जाने से बचेंगे, बिना मास्क के स्कूल या फिर बाजार कतई नहीं जाएंगे। जिला टीकाकरण प्रभारी डॉ. संजीव वर्मन ने बताया कि तीसरी लहर में ओमिक्रॉन का खतरा है, ऐसे में टीका लगने के बाद भी मास्क, सामाजिक दूरी और हाथों की साफ-सफाई जरूर बरतें।
जन्मदिन पर पूर्वी नाकर को मिला टीके का उपहार
दयालबाग की पूर्वी नाकर के लिए उनका 17वां जन्मदिन यादगार बन गया। जन्मदिन वाले दिन ही उन्हें टीके का उपहार मिला। सुबह जिला अस्पताल जाकर सबसे पहले टीका लगवाया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि टीके के बाद भी वह कोविड नियमों में कतई लापरवाही नहीं बरतेंगी।
कोरोना होने के बाद टीके का कर रहा था इंतजार
जयपुर हाउस निवासी 16 साल के हर्षित सिंह चौहान ने कहा कि बीते साल मार्च में संक्रमित हो गए थे। उस दौरान शहर में कई मौतें भी हुईं, तभी से मैं टीके का इंतजार कर रहा था। झट से पंजीकरण कराया और भरोसे का टीका लगवाया। लेकिन बिना मास्क पहने वह अभी भी बाहर नहीं जाएंगे। नियमों का पालन करेंगे।
'छोटी हूं लेकिन जानती हूं टीके का महत्व'
रामबाग की 15 साल की खुशी बोली, टीके की जानकारी पर पापा से कहा कि सोमवार को टीका लगवाने के बाद ही काम पर जाने दूंगी। टीका लगवाने के बाद खुशी बोली, मैं छोटी जरूर हूं, लेकिन टीके का महत्व जानती हूं। इससे बचाव होगा, फिर भी मैं कोई लापरवाही नहीं बरतूंगी। मास्क-सामाजिक दूरी का पालन करुंगी।
'कब सुबह हो और टीका लगवाऊं'
एसएन मेडिकल कॉलेज में सबसे पहले टीका लगवाने वाले दिव्यांश शर्मा खासे उत्साहित दिखे। मारुति इस्टेट के दिव्यांश बोले, कोरोना वायरस का संक्रमण लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में टीका बेहद जरूरी है, परिवार में मम्मी-पापा को टीका लग चुका है, मुझे अपनी बारी का इंतजार था। जैसे ही टीके की घोषणा हुई, पंजीकरण कराते हुए टीका लगवाया।
'दोस्तों को भी टीका लगवाने को कहा'
16 साल के विदित गोयल अपने पिता के साथ एसएन कॉलेज बूथ पर पहुंचे। टीका लगवाने के बाद चेहरे पर सकारात्मक भाव दिखा। बोले, डब्ल्यूएचओ भी कह रहा है कि टीका लगने से संक्रमण से काफी हद तक बचाव होगा। टीका भले ही लगा, लेकिन वह नियमों की अनदेखी कतई नहीं करेंगे।
'टीका जरूर लगा, लेकिन बरतूंगा पूरी सावधानी'
खंदारी के 15 साल के पार्थ उपाध्याय टीका लगवाने के बाद बोले, अब मन में सकारात्मक भाव हुआ है। टीका लग गया है, लेकिन कोई लापरवाही नहीं बरतूंगा। मास्क लगाकर ही बाहर जाता हूं, सैनिटाइजर भी साथ रहता है। जहां अधिक भीड़ होगी, वहां जाने से बचूंगा। औरों से भी नियमों का पालन करने की अपील है।