मरीज बढ़ने से बढ़ रही प्लेटलेट्स की मांग
आगरा में जहां एक तरफ डेंगू-वायरल बुखार का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है, वहीं दूसरी तरफ जंबो पैक और प्लेटलेट्स किट की कमी से मरीजों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। मांग अधिक होने से एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक में प्लेटलेट्स किट खत्म हो गई हैं। निजी ब्लड बैंकों में भी सीमित स्टॉक ही बचा है।
किट के लिए एजेंसी से की है मांग
एसएन मेडिकल कॉलेज की ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. नीतू चौहान ने बताया कि जंबो पैक और रक्त आगरा के मरीजों के अलावा आसपास के जिलों के मरीजों को भी दिया जा रहा है। इससे प्लेटलेट्स किट खत्म हो गई हैं। एजेंसी से किट की मांग कर चुके हैं।
ब्लड बैंकों पर हंगामा, सुरक्षा मांगी
ब्लड बैंकों में जंबो पैक, प्लाज्मा और रक्त की मांग पांच से आठ गुना अधिक होने के कारण ब्लड बैंकों में तीमारदारों की भारी भीड़ लगी हुई है। जल्दी के लिए लोग हंगामा भी कर रहे हैं। ऐसे में कमला नगर स्थित ब्लड बैंक ने पुलिस थाने में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पत्र लिखा है।