कोरोना संक्रमण से बचने के लिए भरोसे का टीका लगवाने में शहरी सबसे आगे हैं। 18 साल से अधिक उम्र के करीब 96% लोग टीके का पहला डोज लगवा चुके हैं। टीकाकरण में देहात पिछड़ गया है। यहां करीब 79% लोगों ने ही टीके का पहला डोज लगवाया है।
जिले में 18 साल से अधिक उम्र के 33.97 लाख लोगों को टीका लगना है। इसमें से 20.92 लाख आबादी देहात और 13.05 लाख शहरी है। देहात में 16.44 लाख लोग और 12.52 शहरी लोग टीका लगवा चुके हैं। सात लाख शहरी लोगों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है, इनको दोनों डोज लग चुके हैं। देहात के 9.24 लाख लोग टीके का दूसरा डोज लगवा चुके हैं।
बिचपुरी में 100 प्रतिशत को लगा पहला डोज
टीका लगवाने में बिचपुरी सबसे आगे हैं। यहां 1.34 लाख लोगों को पहला डोज लग गया है। 85 हजार लोग दूसरा डोज भी लगवा चुके हैं। टीके में खेरागढ़ फिसड्डी है, यहां 1.39 लाख लोगों में से 92 हजार ने ही टीका लगवाया है। दूसरा डोज लगवाने में फतेहाबाद ब्लॉक के लोग सबसे पीछे हैं। यहां 56 हजार ने ही टीके का दूसरा डोज लगवाया है।
गांव में बनाए बूथ
कोरोनारोधी वैक्सीन के टीके के लिए शहरी लोगों में अधिक जागरूकता है। देहात में भी अब टीकाकरण की संख्या बढ़ रही है। गांव में ही बूथ बनाकर टीकाकरण करा रहे हैं। ग्राम प्रधानों से इसमें सहयोग करने के लिए कहा है। - डॉ. अरुण श्रीवास्तव, सीएमओ
खेरागढ़ पिछड़ा
बिचपुरी में सबसे पहले शतप्रतिशत लोगों ने टीके का पहला डोज लगवाया है। यहां के लोग दूसरा डोज लगवाने में भी सबसे आगे हैं। बीते महीने तक बाह और पिनाहट में सबसे कम टीकाकरण था, अब खेरागढ़ पिछड़ गया है। - डॉ. संजीव वर्मन, जिला टीकाकरण प्रभारी