कासगंज। आगरा में पुलिस की हिरासत में वाल्मीकि युवक की हुई मौत के मामले में अब जांच कासगंज पुलिस करेगी। शासन के निर्देश पर डीआईजी ने मामले की विवेचना कासगंज को स्थानांतरित कर दी है। अब यहां की पुलिस सक्रिय है। अब एसपी जांच के लिए टीम का चयन करेंगे। पीड़ित परिवार को अब कासगंज पुलिस से न्याय की उम्मीद है।
आगरा में पुलिस हिरासत के दौरान पिछले दिनों सफाईकर्मी अरुण वाल्मीकि की मौत हो गई थी। इस पर पीड़ित परिवार ने पुलिस पर हत्या का आरोप लगाया। विरोधी राजनीतिक दलों ने यूपी सरकार पर हमला बोला। पीड़ित परिवार ने आगरा पुलिस से न्याय न मिलने की बात कही। इस पर एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने अलीगढ़ रेंज को जांच सौंप दी।
अलीगढ़ रेंज के डीआईजी दीपक कुमार ने कासगंज पुलिस को जांच करने के आदेश दिए हैं। अब मामले की विवेचना कासगंज पुलिस करेगी। दिशा निर्देश मिलते ही एसपी रोहन प्रमोद बोत्रे ने सक्रियता बढ़ा दी है और वे अब जांच के लिए अपनी टीम का चयन कर रहे हैं।
आगरा में सफाईकर्मी की हिरासत में मौत के मामले की जांच मिली है। टीम का चयन कर विधिवत रूप से निष्पक्ष जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाएगी। रोहन प्रमोद बोत्रे, एसपी