आगरा। लॉयर्स कॉलोनी में पानी की टंकी पर चढ़कर दयालबाग के लोगों ने गंगाजल दिलाने की मांग की। दयालबाग समेत 34 कॉलोनियों में तीन साल पहले बिछाई गई पानी की पाइपलाइन में अब तक पानी न पहुंचने के कारण परेशान लोगों का प्रदर्शन जारी है।
शुक्रवार को चौ. रामवीर सिंह और सौरभ चौधरी के नेतृत्व में लोगों ने टंकी पर चढ़कर प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां लेकर लोगों ने पानी की मांग की। सौरभ चौधरी ने कहा कि 15वें वित्त आयोग से धनराशि स्वीकृत कर दी गई है तो टेंडर निकालकर पानी की लाइन बिछाने का काम शुरू क्यों नहीं किया जा रहा है। इस दौरान सत्यवीर चौधरी, धर्मवीर चौधरी, भूपेश कुशवाह, होमेंद्र सिंह, करन उपाध्याय, अन्नू चौधरी, विवेक परमार आदि मौजूद रहे।
आगरा किला स्टेशन के सामने लीक हुई लाइन
आगरा किला रेलवे स्टेशन के सामने पानी की लाइन लीक होने के कारण यहां दिन भर गंगाजल बर्बाद होता रहा। हाथीघाट से बिजलीघर रोड पर जहां यह लाइन लीक हुई है, उससे महज 100 फीट की दूरी पर पाइप लाइन पहले फट चुकी है। जर्जर लाइनों के कारण लीकेज से पानी सड़क पर फैलकर बर्बाद होता रहा।