टूंडला। फेसबुक के माध्यम से मध्य प्रदेश की एक युवती की टूंडला निवासी एक युवक से दोस्ती और फिर प्यार हो गया। प्रेमजाल में फंसी युवती टूंडला आ गई तथा प्रेमी के साथ पति-पत्नी के रूप में एक किराए के मकान में रहने लगी। मध्य प्रदेश पुलिस ने युवती को एक मकान से बरामद कर अपने साथ ले गई है। इस बीच युवक मौके से भाग गया।
मध्य प्रदेश के जनपद गुना अंतर्गत थाना धर्मलावदा क्षेत्र निवासी एक युवती करीब एक माह पूर्व लापता हो गई थी। परिजनों ने उसे काफी तलाश किया, किंतु वह नहीं मिली। तब परिजनों ने उसकी पुलिस में गुमशुदगी दर्ज करा दी। मध्य प्रदेश पुलिस को जानकारी हुई कि युवती टूंडला की न्यू शिवनगर कालोनी क्षेत्र में रह रही है। एक युवक भी उसके साथ रह रहा है।। पुलिस ने टूंडला पुलिस को साथ लेकर मिली लोकेशन वाले एक पालिकाकर्मी के मकान पर छापा मारा। पुलिस को मौके से युवती मिल गई। वहीं युवक को भनक मिलने पर वह मौके से भाग गया।
बरामद युवती ने बताया कि उसकी दोस्ती टूंडला निवासी दीपू नामक युवक से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। दोस्ती के बाद उसे प्यार हो गया और वह टूंडला आ गई। तब दीपू किराए के मकान में उसे ले आया। तब से वे साथ रह रहे थे। जिस मकान से युवती मिली उसके मकान मालिक का कहना है कि दोनों पिछले माह से पति-पत्नी बताकर किराए पर रह रहे थे। थाना प्रभारी विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि मध्य प्रदेश पुलिस ने युवती को ले गई है। वहां के थाना धर्मलावदा में मुकद्दमा दर्ज है।