मथुरा में एडीजी आगरा अजय आनंद ने मंगलवार को पुलिस लाइन, बैरक और महिला थाने का निरीक्षण किया। वहीं अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा परखकर कड़ी सुरक्षा के निर्देश दिए। इस दौरन एडीजी ने ई-चालान कार्यालय का उद्घाटन किया।
मथुरा आए एडीजी आगरा अजय आनंद सबसे पहले पुलिस लाइन पहुंचे। निरीक्षण करते हुए एडीजी पुलिस बैरक का हाल जाना। काफी देर तक बैरक को देखने के बाद सीधे महिला थाने में प्रवेश किया। यहां पर कुछ पीड़ितों से समस्याएं सुनकर समाधान के लिए प्रभारी निरीक्षक उपासना सिंह को निर्देश दिए।
ट्रैफिक के ई-चालन कार्यालय का उद्घाटन करने के बाद एडीजी ने अभी तक हुए चालान के बारे में पूछा। वज्र वाहन को देखकर उसमें सुधार के लिए कहा। वहीं एडीजी अजय आनंद का शहर के होलीगेट पर पैदल गश्त का कार्यक्रम स्थगित करा दिया गया।
एडीजी अजय आनंद ने अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान की सुरक्षा का भी जायजा लिया। जन्मस्थान की सुरक्षा को अफसरों को निर्देश दिए। इस दौरान एसएसपी शलभ माथुर, एसपी सिटी अशोक मीणा, एसपी क्राइम राधेश्याम राय, एसपी ट्रैफिक डॉ. ब्रजेश कुमार सिंह, एसपी देहात आदित्य शुक्ला, एसपी सुरक्षा ज्ञानेंद्र कुमार आदि पुलिस अफसर मौजूद रहे।
एडीजी के दौरे से परेशान रहे पीड़ित, नहीं घुस सके थाने में
एडीजी के दौरे से महिला थाने पहुंचे पीड़ित काफी परेशान रहे। इन पीड़ितों को थाने में घुसने नहीं दिया गया। कुछ फरियादी तो कुछ अंदर इंतजार करते रहे। ट्रांसपोर्ट नगर से आए दंपती जुगल किशोर और कृष्णा देवी का कहना था कि उन्हें थाने में नहीं घुसने दिया। इसलिए बाहर बैठे हुए हैं। उनकी बेटी का मामला चल रहा है।
धनगांव निवासी दंपती सोहन सिंह और पुष्पा देवी ने कहा कि कोई बड़ा अफसर आ रहा है, इसलिए थाने से बाहर ठहरने के लिए कहा गया है। छरौरा के चंद्रनगर निवासी दिनेश शर्मा, अपने साले तेजवीर और बेटी के साथ थाने पहुंचे। उन्हें भी थाने में प्रवेश नहीं दिया गया।