आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण की अलोकप्रिय संपत्तियों को ई-नीलामी के माध्यम से बेचा जाएगा। लागत मूल्य से अधिक बोलियां लगेंगी। करीब 1620 फ्लैट व भूखंड अलोकप्रिय हैं। पहले चरण में ताजनगरी एडीए हाइट्स के एक टावर की बिक्री के लिए दिसंबर के पहले सप्ताह में पंजीकरण शुरू होंगे। यहां एडीए के 200 फ्लैट बिकाऊ हैं।
ताजनगरी फेस-टू में एडीए हाइट्स, शास्त्रीपुरम हाइट्स, जवाहरपुर में ईडब्ल्यूएस, शास्त्रीपुरम में सस्ते आवास व भूखंड सहित करीब 1620 संपत्तियां एडीए की बिक नहीं रहीं। एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़ ने बताया कि पहले चरण में ताजनगरी एडीए हाइट्स में फ्लैट की बिक्री के लिए पंजीकरण पांच दिसंबर तक शुरू हो जाएंगे। ऑनलाइन नीलामी के लिए सॉफ्टवेयर पर संपत्तियों की फीडिंग की जा रही है। चेयरमैन एवं कमिश्नर अमित गुप्ता ने बोर्ड बैठक में अलोकप्रिय संपत्तियों की ई-नीलामी के आदेश दिए थे।
कमिश्नर अमित गुप्ता के निर्देश पर एडीए ने ताजनगरी हाइट्स में 202 फ्लैट के रेट घटाए थे। 3300 रुपये प्रति वर्ग मीटर से घटाकर इन्हें 2805 रुपये प्रति वर्ग मीटर किया। शास्त्रीपुरम हाइट्स में 556 फ्लैट बिकाऊ हैं। जिनका रेट 3379 से घटाकर 2617 किया गया था। जवाहरपुर में 43 ईडब्ल्यूएस भवन बिकाऊ हैं। 27 वर्ग मीटर कीमत 11.41 लाख रुपये तय की गई। कीमतें घटाने के बाद भी एडीए को खरीदार नहीं मिले।
जयपुर हाउस स्थित एडीए कार्यालय पर 102 अर्फोडेबल हाउस के लिए पंजीकरण करने वालों में आवंटियों की सूची चस्पा हो गई है। सूची में पात्र व अपात्रों का जिक्र है। एडीए सचिव गरिमा सिंह के अनुसार 8 दिसंबर तक आवेदक सूची के संबंध में आपत्ति दर्ज करा सकते हैं।