किशनी। थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की महिला को आरोपी ने मोबाइल पर अश्लील मैसेज भेजे। लगातार परेशान किए जाने के बाद पीड़िता ने कुछ दिन पूर्व थाने में तहरीर दी। लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। सीओ का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी अनुसूचित जाति की महिला के मोबाइल पर नौ अक्तूबर को जनपद औरेया के गांव देईपुर निवासी व्यक्ति ने अश्लील वीडियो भेजे। इसके बाद अश्लील चैटिंग करना शुरू कर दिया। महिला के मना करने के बाद जब वह नहीं माना तो परेशान होकर 10 अक्तूबर को पीड़िता ने थाने में तहरीर दी। वहां उसकी कोई सुनवाई नहीं हुई, पीड़िता के अनुसार उसने महिला हेल्पलाइन पर भी शिकायत की लेकिन पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिला ने बताया कि पुलिस ने चैट और वीडियो की सीडी बनाकर देने की बात कही। उसे देने के बाद भी अभी तक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है। मामले को लेकर सीओ अमर बहादुर का कहना है किय मामला संज्ञान में है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।