मथुरा। श्री गिरिराज सेवा ट्रस्ट के तत्वावधान में शरद पूर्णिमा पर 23 अक्तूबर को गिर्राज तलहटी में होने वाले अद्वितीय छप्पनभोग महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मथुरा के प्रसिद्ध रमेश हलवाई द्वारा वैष्णव पद्धति से छप्पनभोग बनाया जा रहा है जिसे 2111 टोकरियों में अद्भुत ढंग से सजाया जाएगा। सामग्री को मानव श्रृंखला द्वारा पहुंचाने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए 40 फुट ऊंचा वाटर प्रूफ पंडाल तैयार हो चुका है। सजावट के लिए कलकत्ता से गेंदा, रायवेल के अलावा विदेशी फूल मंगाए गए हैं।
लगातार 25 वर्षों से गिर्राज भक्तजनों द्वारा आयोजित किए जाने वाले छप्पनभोग की व्यवस्थाओं में लगे ट्रस्ट के पदाधिकारी जुट गए है। 22 अक्तूबर को सुबह दस बजे से दोपहर एक बजे तक श्री गिर्राज महाराज का दुग्ध पंचामृत केसर एवं जड़ी बूटियों से वेद मंत्रों के साथ अभिषेक किया जाएगा। स्वागत के लिए पांच तोरण द्वार बनवाए गए है। जहां विद्युत एवं फूलों का कार्य चल रहा है।
श्री राधा ब्रज वसुन्धरा में साधु एवं वैष्णव सेवा का कार्य किया जाएगा। इसी स्थल पर छप्पन भोग सामिग्री बनाने का कार्य चल रहा है। भजन संध्या के लिए विरक्त संत पं. गया प्रसाद जी की समाधि के सामने विशाल एवं भव्य मंच बनाया गया है। टी सीरीज के कलाकार गिर्राज महाराज के भजनों का गुणगान करेंगे। छप्पन भोग दर्शन दोपहर 2 बजे दीप जलाकर प्रारंभ होंगे जो रात्रि 12 बजे तक महाआरती के बाद बंद होंगे।