राया(मथुरा)। शनिवार की रात को राया के व्यापारियान मोहल्ले में पथराव की सूचना पर पहुंचे चेतक मोबाइल के दो सिपाहियों पर लोगों ने हमला कर दिया। लोगों ने मारपीट कर उनकी वर्दी फाड़ दी। ईंट-पत्थरों से सिपाहियों की मोटरसाइकिलों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
भीड़ का गुस्सा देख सिपाही मौके से निकल भागे। आारोप गुल्लू पहलवान पक्ष पर लगा है। थाने से पहुंची पुलिस ने हमला करने वाले को पकड़ लिया। पुलिस और दूसरे पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग मुकदमे दर्ज कराए हैं।
कोतवाली राया के व्यापारियान मोहल्ला निवासी कायम कुरैशी के घर गुल्लू पहलवान ने अपने साथियों के साथ हमला कर दिया। दरवाजा बंद देखकर गुल्लू और उसके साथियों ने पथराव शुरू कर दिया। घर पर हमले की सूचना पर चेतक मोबाइल के सिपाही सन्नी कुमार और दीपक मलिक पहुंचे। सिपाही समझाने लगे तो गुल्लू पहलवान के लोगों ने दोनों सिपाहियों पर हमला कर उनकी पिटाई कर डाली और उनकी वर्दी फाड़ कर बाइक को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
दोनों सिपाहियों ने भागकर जान बचाई। इसी बीच सूचना पर कोतवाली से फोर्स पहुंचा, उससे पहले ही हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने कुछ ही देर बाद हमले के मुख्य आरोपी गुल्लू पहलवान को गिरफ्तार कर लिया। सिपाही दीपक की तहरीर पर गुल्लू पहलवान, इमरान, इमलाक, फरमान, सत्तार और छह अज्ञातों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
उधर, घर पर पथराव करने पर कायम कुरैशी के बेटे आफताब कुरैशी ने गुल्लू पहलवान, नाजिम, शेखर, राजेश, शरीफ, अयूब, इमरान, गूजर, रहीस अल्वी, शाहिद, जाहिद, शहीद, शरीफ, काले और आरिफ और अन्य अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।