मैनपुरी। मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए शासन ने ऑनलाइन आवेदन मांगे थे। शुक्रवार को इसकी अंतिम तिथि थी। अंतिम तिथि तक जिले की कुल 51 ग्राम पंचायतों ने आवेदन किया है। इस बार ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के अलावा कोरोना काल किए गए बेहतर कार्यों को भी पुरस्कार के लिए चयन का आधार बनाया जाएगा।
इस बार ग्राम पंचायतों के प्रधान और सचिवों को ऑनलाइन हमारी पंचायत पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना था। इसके लिए लगभग डेढ़ माह तक आवेदन के लिए समय दिया गया। 20 अगस्त को अंतिम तिथि तक जिले की कुल 549 पंचायतों में से केवल 51 पंचायतों ने आवेदन किया। इसमें वित्तीय वर्ष 2020-21 में कराए गए कार्यों के आधार पर ग्राम पंचायतों की जांच के बाद पुरस्कार दिया जाएगा। साथ ही कोरोना काल में कोरोना संक्रमण रोकने और उससे निजात पाने के लिए किए गए कार्यों को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा। ऑनलाइन आवेदन में खुद ही ग्राम प्रधान और सचिव ने मूल्यांकन किया है। आवेदन के बाद जिला स्तरीय समिति आवेदन के सत्यापन के बाद इसे राज्य स्तर पर भेज देगी। अंतिम निर्णय राज्य स्तरीय टीम द्वारा ही लिया जाएगा। चयनित ग्राम पंचायतों को विकास के लिए अलग से धनराशि के साथ-साथ प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा
इस प्रकार है अंकों का विभाजन
ग्राम पंचायतों के चयन के लिए अलग-अलग विषय के लिए अलग-अलग अंक निर्धारित किए गए हैं। इसमें कोरोना प्रबंधन के लिए 17 प्रतिशत, पर्यावरण सुरक्षा के लिए 12 प्रतिशत, स्वच्छता प्रबंधन के लिए 20 प्रतिशत, उत्तम स्वास्थ्य व्यवस्था के लिए 18 प्रतिशत, सामाजिक सौहार्द व सभागिकता के लिए 13 प्रतिशत और सुनियोजित विकास के लिए 19 प्रतिशत अंक दिए जाएंगे।
-जिले की कुल 51 ग्राम पंचायतों ने मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए आवेदन किए हैं। इन्हें जांच के बाद राज्य स्तरीय समिति के लिए अग्रसारित कर दिया जाएगा।
-स्वामीदीन, जिला पंचायत राज अधिकारी।