आगरा। वाणिज्य कर विभाग ने शुक्रवार को बकाया टैक्स जमा न करने वाले तीन व्यापारियों को गिरफ्तार कर लिया। शाहदरा के बालाजी टिंबर, छीपीटोला के कृष्णा ऑटो स्पेयर्स, ट्रांसपोर्ट नगर के सियाराम ऑटो पार्ट्स के संचालकों को गिरफ्तार कर बकाया धनराशि जमा कराई गई। तीन दिनों में 19 व्यापारियों की गिरफ्तारी की कार्रवाई कर 31.60 लाख रुपये जमा कराए जा चुके हैं।
जीएसटी लागू होने के बाद वाणिज्य कर विभाग ने बकाया वसूली के लिए 23 अगस्त से अभियान शुरू किया है। महज तीन दिन में 1.51 करोड़ रुपये का बकाया जमा हो चुका है। साइटेशन जारी करने के बावजूद बकाया जमा न करने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई की गई।
इसमें 66 व्यापारियों के बैंक खाते अटैच किए जा चुके हैं, जिनसे 41.82 लाख रुपये जमा कराए गए हैं। 19 व्यापारी गिरफ्तार कर उनसे 31.60 लाख रुपये जमा कराए हैं। वाणिज्य कर विभाग की पांच टीमें बकाया वसूली में लगी हैं, जिनमें खंड अधिकारियों के साथ संग्रह पर्यवेक्षक, अमीन, चार पुलिसकर्मियों की टीम है।
‘व्यापारियों से बकाया वसूली का यह अभियान 31 अगस्त तक चलाया जाएगा। अगर तब तक पूरा बकाया जमा नहीं होता है तो यह अभियान अगले महीने भी चलाया जाएगा। गिरफ्तारी और बैंक खाते अटैच करने की कार्रवाई चलती रहेगी’
डा. बुद्धेश मणि
एडिशनल कमिश्नर ग्रेड वन