खैरगढ़ (फिरोजाबाद)। हाथवंत पुलिस चौकी पर तैनात सिपाही के बैंक खाते से 40 हजार की नकदी किसी ने पार कर दी। खाते से पैसा कटने के मैसेज आने के बाद उसने एटीएम कार्ड लॉक करा दिया, लेकिन नौ जुलाई की रात दस बजे एक हजार की नकदी फिर निकाल ली।
थाना खैरगढ़ की हाथवंत पुलिस चौकी पर तैनात कांस्टेबिल अनिल कुमार पुत्र विजय सिंह का बैंक एकाउंट मथुरा जिले की लक्ष्मीनगर स्थित एसबीआई में हैं। नौ जुलाई की शाम को अनिल के मोबाइल में राशि निकालने के मैसेज आना शुरू हो गए।
मैसेज देखकर वह दंग रह गया। नौ जुलाई की शाम को करीब 6.22 बजे दस हजार रुपये निकाले, एक मिनट बाद 6.23 बजे उसने नौ हजार निकाले और फिर 6.24 बजे करीब दस हजार रुपये निकाल लिए। सिपाही ने जेब में अपना एटीएम कार्ड देखा, तो वह नहीं था। उसने तुरंत एटीएम ब्लाक कराने को मुंबई बात की, लेकिन 8.22 बजे फिर से दस हजार रुपये निकाल लिए। मुंबई से एटीएम ब्लॉक की सूचना मिल गई, पर दस बजे के करीब एक हजार रुपये की नकदी और निकाल ली। बैंक एकाउंट से 40 हजार रुपये निकालने के बाद अनिल ने शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है।