पुलिस लाइन में पासिंग आउट परेड में शामिल रिक्रूट आरक्षी।
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। पुलिस लाइन में बुधवार को पासिंग आउट परेड के बाद 159 रिक्रूट आरक्षी बने। इससे पूर्व आईजी आगरा रेंज ने परेड की सलामी ली। आरक्षियों को कर्तव्य व सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई। बेहतर प्रदर्शन करने वाली टोली व शिक्षकों को पुरस्कृत किया गया। इस मौके पर एसपी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस लाइन में करीब छह माह से 159 रिक्रूट आरक्षियों का प्रशिक्षण चल रहा था। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद बुधवार को दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि आईजी आगरा रेंज नचिकेता झा मौजूद रहे। आईजी ने टोलियों का निरीक्षण किया, इसके बाद परेड की सलामी ली।
इसके बाद एसपी ने प्रशिक्षण प्राप्त कर रिक्रूट से आरक्षी बने सभी कर्मियों को अपने कार्य व व्यवहार संबंधी जानकारी दी। आईजी आगरा रेंज ने आरक्षियों को कर्तव्य व सत्यनिष्ठा की शपथ दिलाई। कहा कि प्रशिक्षण समाप्त हो चुका है, अब सभी को अलग-अलग थाना चौकियों में नियुक्ति दी जाएगी। ऐसा नहीं है कि प्रशिक्षण के बाद अब कुछ सीखना नहीं है, अब हर पल हर कदम पर उन्हें कसौटी पर खरा उतरना होगा।
देश सेवा, जनसेवा, व्यवहार व आचरण उनके सबसे मुख्य हथियार हैं। जनता की नि:स्वार्थ सेवा करना, पद पर रहते हुए पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए प्रयासरत रहना और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई अब उनकी नई जिम्मेदारी है। इस दौरान एसपी अशोक कुमार राय, एएसपी मधुवन कुमार, सीओ चंद्रकेश सिंह आदि मौजूद रहे।