सर्वर फेल होने से ढाई घंटे नहीं हो सके आरक्षण
तत्काल सेवा के लिए लाइन में लगे रहे यात्री
अमर उजाला ब्यूरो
टूंडला। गुरुवार को सर्वर फेल रहने के कारण रेलवे आरक्षण केंद्र पर कोई काम नहीं हो सका। तत्काल सेवा व आरक्षण के लिए रेलयात्री लाइन में लगे रहे। रिजर्वेशन न होने से यात्री परेशान रहे।
एक तरफ तो ट्रेनों में जहां होली के त्योहार को लेकर आरक्षण फुल हैं। वहीं गुरुवार सुबह 11 बजे से आरक्षण कार्यालय का सर्वर फेल हो गया। दिल्ली से कनेक्टिवटी ने मिलने से आरक्षण नहीं हो सके। बीच- बीच में लिंक मिलने पर आरक्षण प्रक्रिया शुरू की किंतु स्पीड न आने से सफलता नहीं मिली। आरक्षण के लिए लाइन में लगे लोग सर्वर ठीक होने का इंतजार करते रहे। इस दौरान रेलवे ने तकनीशियनों को बुलाकर कमी को दूर करने का प्रयास किया।
काफी देर तक सर्वर ठीक नहीं हो पाने के कारण अधिकांश लोग लौट गए। खासकर आसपास के क्षेत्र से आरक्षण कराने आए लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ गया। दोपहर 1.40 बजे करीब सर्वर ठीक होने के बाद ही आरक्षण हो सके। इस दौरान तमाम लोग आरक्षण के लिए घंटों खड़े रहे।
फोटो-