मथुरा। हाईवे के गांव महोली में गोली लगने से घायल हुए चाची-भतीजे की हालत स्थिर बनी हुई है। पांच के खिलाफ मुकदमा दर्ज करते ही हरकत में आई हाईवे पुलिस ने जयगुरुदेव मंदिर के समीप से जानलेवा हमले के आरोपी दो सगे भाइयों को पकड़ लिया है। तीन अन्य की तलाश में पुलिस ने दबिशें दीं।
बता दें कि थाना हाईवे के गांव महोली निवासी ओमी पुत्र गोपाल भूसे की बुग्गी लेकर खेत से लौट रहा था। रास्ते में बाइक अड़ाकर रास्ता बंद करने को लेकर बुग्गी चालक और बाइक सवारों में विवाद हो गया। ग्रामीणों ने मामला शांत करा दिया, पर कुछ ही देर बाद बाइक सवारों ने ओमी के घर पर फायरिंग शुरू कर दी। गोली लगने से चांदनी पत्नी हरीशचंद और भतीजा नरेश पुत्र महाराज सिंह घायल हो गया। दोनों को भर्ती कराया गया।
मंगलवार की रात थाना हाईवे में घायल नरेश के चाचा राजवीर उर्फ गुड्डी प्रधान ने जमुना, हेमराज, चंद्रपाल, सतीश और भीषण के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कराया। हाईवे पुलिस ने जयगुरुदेव मंदिर के समीप से सगे भाइयों जमुना और हेमराज को दबोच लिया है। प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह मलिक ने बताया कि तीन आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पकड़ा गया हेमराज शातिर लुटेरा है।