मथुरा। करीब एक माह से अति संवेदनशील श्रीकृष्ण जन्मस्थान का मुख्यद्वार मार्ग बंद होने से व्यापारी भड़क गए। गुरुवार को दुकानें बंद कर सड़कों पर उतरे व्यापारियों ने जन्मस्थान सुरक्षा अफसरों की मनमानी को जमकर कोसा। मुख्यद्वार के सामने धरने पर बैठे व्यापारी मार्ग को खोलने की आवाज बुलंद करते दिखे। आखिरकार जन्मस्थान सुरक्षा अफसरों को झुकना पड़ा। मार्ग खोला गया तो व्यापारियों ने राहत की सांस ली।
एक माह से वाहनविहीन कर रखा श्रीकृष्ण जन्मस्थान के मुख्यद्वार मार्ग से व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। लगातार व्यापारी मार्ग को खुलवाने के लिए डीएम सर्वज्ञराम मिश्र और एसएसपी बबलू कुमार से मिले। मांग न मानने पर गुरुवार को भड़के श्रीकृष्ण जन्मस्थान उद्योग व्यापार मंडल के बैनर तले दुकानदारों ने दुकानें बंद कर दीं। एकत्रित होकर नारेबाजी करते हुए व्यापारी मुख्यद्वार के सामने धरने पर बैठ गए।
व्यापारी जन्मस्थान की सुरक्षा अफसरों की मनमानी को कोस रहे थे। एसपी सुरक्षा और एलआईयू इंस्पेक्टर ने व्यापारियों को मनाना शुरू कर दिया। मार्ग खोले जाने पर जीत का व्यापारियों ने जश्न मनाया।
इस मौके पर रमेश चंद चतुर्वेदी, मदनमोहन श्रीवास्तव, सुनील अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, दिलीप पांडेय, सुनील साहनी, मुकेश अग्रवाल, त्रिलोकी कचौड़ी, गोपाल प्रसाद अग्रवाल, साहब सिंह भंडारी, कन्हैया अग्रवाल, जयगोपाल, विक्की, सुरेश चंद, अंकुर गोयल, राघवेंद्र, लक्ष्मण, हेमंत हेमू, पुंडरीक रत्न आदि व्यापारी मौजूद रहे।