उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर गाली देने और उनकी तस्वीर पर अभद्र टिप्पणी करने वाले पर बुधवार को मुकदमा दर्ज किया गया है।
एसपी के आदेश पर इसमें ग्रेटर नोएडा में रहने वाले को नामजद किया गया है।
बुधवार को पीलीभीत के समाजवादी युवजन सभा के पूर्व प्रदेश सचिव अमित सिंह यादव ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर बताया कि उनके फेसबुक प्रोफाइल पर सीएम अखिलेश यादव के फोटो पर अभद्र टिप्पणी थी।
फेसबुक पर सीएम अखिलेश यादव का आराम की मुद्रा में बैठे होने का एक फोटो है। फोटो के नीचे कमेंट्स बाक्स में ग्रेटर नोएडा निवासी ओकेश शर्मा ने अश्लील शब्द लिखे हैं। यह फोटो बरेली के एक छात्र ने उन्हें पोस्ट किया था।
जिसे पढ़कर उन्हें ठेस पहुंची और वो उस व्यक्ति के खिलाफ अब कार्रवाई करना चाहते हैं, जिसने उनके नेता के खिलाफ ऐसी अशोभनीय टिप्पणी की है।
एसपी अमित वर्मा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए शहर कोतवाली पुलिस को रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश दिए है।
कार्यवाहक शहर कोतवाल श्यामलाल कश्यप ने बताया कि एसपी के आदेश पर राजस्थान के रहने वाले ओकेश शर्मा जो हाल निवासी गाजियाबाद के है और लार्सन एण्ड टूबू कंपनी में कार्य करते है, के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।