लखनऊ। अलीगंज क्षेत्र में एक वकील के घर चोरी के इरादे से शनिवार देर रात गेट पर चढ़ रहा बदमाश अचानक शोर मचने पर घबराकर गिर पड़ा। वकील ने पड़ोसियों की मदद से उसका इलाज कराया और पूछताछ के बाद पुलिस के हवाले कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, शनिवार रात दो बजे एक बदमाश त्रिवेणीनगर तृतीय के आदर्शपुरम निवासी वकील सोहनलाल त्रिवेदी के घर चोरी के इरादे से गेट चढ़ रहा था। इस बीच आहट सुनकर जागे सोहनलाल ने शोर मचाया और परिवार के लोगों के साथ बाहर निकले। शोर व घेराबंदी से घबराया बदमाश संतुलन खो बैठा और ऊंचे गेट से सिर के बल फुटपाथ पर जा गिरा। सोहनलाल ने परिवार व आसपास के लोगों की मदद से उससे पूछताछ की। बदमाश ने खुद को सीतापुर के मिश्रिख थाने के गांव काशीपुर निवासी गोलू बताया। कुबूला कि त्रिवेणीनगर तृतीय के शिवपुरम में जगदीश रिक्शा गैराज में रहने के साथ रिक्शा चलाता है। वकील ने परिवार के दिलीप त्रिवेदी व पड़ोसी निर्मल सिंह की मदद से गोलू को कार में लादा और ट्रॉमा सेंटर में इलाज के बाद अलीगंज थाने ले जाकर पुलिस के हवाले करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई।
पुलिस ने तफ्तीश एसआई रामकेवल वर्मा को सौंपी। उन्होंने गोलू से उसके साथियों व वारदात के बारे में पूछताछ की। गोलू ने चोरी के इरादे से वकील के घर में घुसने की बात कबूलने के साथ कहा कि उसके सिर पर डंडे से हमला किया गया था।